Skip to main content

मौत का एक दिन मुअय्यन है - 6 जुलाई 2017

चारो ओर तेज ताप था, अग्नि की लटायें ऊंची उठ रही थी और कही दूर कुत्ते किसी चीज के लिए छीना झपटी कर रहे थे , एक आदमी दूर बेंच पर बैठा अपने पांवों को घूर रहा था। बगीचे में फूल थे पत्तियां थी जड़े भी होंगी ही हवा भी थी पर ना खुशबू थी ना सरसराहट - बस एक उदासी थी जो चहूँओर पसरी थी।

बचपन से अक्सर यहाँ आ जाता था वो क्योकि यही थे वो सब लोग जिन्हें वह लगभग ढोते हुए अपने काँधों पर लाया था कभी आंखों में आंसू थे और कभी मन मे तसल्ली कि जीवन के झंझावातों से शरीर मुक्त हो गया।

यह शहर के दूसरे किनारे पर बसा एक मैदान था जहाँ धीरे धीरे टपरे डलते गए, ईंट के चबूतरे बन गए, लोगों ने जीते जी तो माँ बाप को सम्हाला नही पर सब ओर संगमरमर के पत्थर नाम टाँक कर लगा दिए और खुद अमर होने के मुगालतों में जीने लगें।

अपने आप से कह रहा था वह - आज फिर उदास हूँ और आ गया हूँ इस जगह पर जहां सारे जाले साफ हो जाते है फिर तय किया है कि अघोरियों की तरह देर रात तक बैठेगा और अपने साथ लाये आलूओं को किसी जलती हुई लाश के सिर मुहाने बैठकर भूनकर खा लेगा पर हड़बड़ी में आज हरी मिर्च और नमक लाना भूल गया, कोई नई किसी हड्डी को फोडूंगा तो नमक का स्वाद तो मिल ही जायेगा।

यह दुनिया उसने बहुत समझने की कोशिश की पर कुछ समझ नही पाया बस हर बार एक लाश के रूप में अर्थ निकालता हुआ वह यहां तक आ गया और फिर वही देर रात तक बैठे रहते हुए वह भोर में शुक्र तारा देखकर घर लौटा । घर - उफ्फ, घर , दुनिया और यारी के नाम पर अब उसे चिढ़ होने लगी थी।

अचानक वह गिनने लगा कि कितनी बार अब तक वह यहाँ आया है और कौन लोग थे जिनके लिए वो आया और यह जगह उसके जीवन का ऐसा स्थान बन गई कि आये बिना वह रह ही नही सकता था , क्यों , पता नही कई बार रात डेढ़ बजे के आसपास उसे लगता कि दग्ध अग्नि से प्रेत निकलते है और वह उनसे बात करने लगता पर फिर वह कही खो जाता और उसे होश नही रहता कि वह ज़िंदा भी है या नही। इस सबमे उसने अपने हाथ पांव और बाल जला लिए है । चेहरे का एक दाग तो उसके जीवन से बड़ा है जो हर बार उसे श्मशान की याद दिलाता है।

उसे लगा कि उसके सारे काम पूरे हो चुके है, संसार को जो देना था और पाना था वह तो तीन वर्ष पहले ही पा चुका था पर एक और करीबी की मौत ने उसे ये तीन वर्ष और बख्श दिए पर अब उसके सामने कोई भी काम नही , उद्देश्य नही और लक्ष्य नही - लिहाज़ा अब उसे सही समय का ही इंतज़ार करना है बाकी सारे बन्धनों से तो मुक्त हो ही चुका है। परसो एक अंतिम चिठ्ठी लिखनी थी एक मित्र को - वह भी सोच विचारकर लिख दी और फिर बहुत हल्का महसूस किया था। देर तक हंसता रहा था वहशियों की तरह और उस रात और यहां के कुत्ते और शायद अधजली लाशें भी उसे हंसता देखकर डर रही थी।

आज दोपहरी का यह सुकून भरा समय था जब बादल भी काले थे - खूब पानी से भरे हुए और हवाएं भी अपने अंदर कुछ ओस की बूंदें समाएं हुए थी। धरती पर हरियाली की चादर बिछ चुकी थी , इस बियाबान में जीवन के नए अर्थ और क्या हो सकते है इसके लिए देह से परे जाना ही होगा । प्रेम देह से गुजरकर आता है और यही प्रेम मुक्तिकामी भी होता है इसलिए अब देह से गुजरे और पार गए बिना कही कोई सत्व नही है। आज यह तय करने पर कितना हल्का लग रहा है यह बताना मुश्किल था और लगा कि सदियों से जली हुई देहों से निकली आत्माएं ताज़े फूल लेकर उसके स्वागत में खड़ी हो गई हों प्रेमातुर और तत्परता से उसे ले जाने को उद्धत है।

Comments

Popular posts from this blog

हमें सत्य के शिवालो की और ले चलो

आभा निवसरकर "एक गीत ढूंढ रही हूं... किसी के पास हो तो बताएं.. अज्ञान के अंधेरों से हमें ज्ञान के उजालों की ओर ले चलो... असत्य की दीवारों से हमें सत्य के शिवालों की ओर ले चलो.....हम की मर्यादा न तोड़े एक सीमा में रहें ना करें अन्याय औरों पर न औरों का सहें नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." मैंने भी ये गीत चित्रकूट विवि से बी एड करते समय मेरी सहपाठिन जो छिंदवाडा से थी के मुह से सुना था मुझे सिर्फ यही पंक्तिया याद है " नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." बस बहुत सालो से खोज जारी है वो सहपाठिन शिशु मंदिर में पढाती थी शायद किसी दीदी या अचार जी को याद हो........? अगर मिले तो यहाँ जरूर पोस्ट करना अदभुत स्वर थे और शब्द तो बहुत ही सुन्दर थे..... "सब दुखो के जहर का एक ही इलाज है या तो ये अज्ञानता अपनी या तो ये अभिमान है....नफरतो के जहर से प्रेम के प्यालो की और ले चलो........"ये भी याद आया कमाल है मेरी हार्ड डिस्क बही भी काम कर रही है ........आज सन १९९१-९२ की बातें याद आ गयी बरबस और सतना की यादें और मेरी एक कहानी "सत...

Rest in Peace Dr BK Pasi, You will be Remembered Always

नमन डा बी के पासी सन 1991-92 का साल था , एम ए अंग्रेज़ी में करने के बाद कुछ और पढ़ा जाए इस बात की इच्छा थी लिहाजा सोचा कि पीएच डी करने में तो समय लगेगा क्यों ना एम फिल कर लिया जाए, इंदौर के देवी अहिल्या विवि में थोड़ा परिचय था, स्याग भाई ( डा रामनारायण स्याग ) ने ताजा ताजा शोध पूरा किया था और शिक्षा विभाग में अक्सर आना जाना होता था, देवास की मीना बुद्धिसागर उन दिनों वहा शोध के लिए पंजीकृत हुई ही थी, डा उमेश वशिष्ठ, डा सुशील त्यागी, डा छाया गोयल और डा देवराज गोयल से परिचय था ही, सो सोचा कि क्यों ना यहाँ कुछ पढाई की संभावनाएं टटोली जाएँ. सीधा जाकर डा बी के पासी से मिला तो उन्होंने अपने चिर परिचित अंदाज में कहा क्या करेगा अब पढ़कर और इतना अच्छा काम कर रहा है तो अब क्या करना है फिर मैंने जिद की तो उन्होंने कहा कि थोड़ा ठहर जा मै एक नया पाठ्यक्रम शुरू कर रहा हूँ भविष्य अध्ययन मान्यता के लिए प्रकरण यु जी सी गया है आते ही सूचना करूंगा. बात आई गयी हो गयी, एक दिन बैतूल में गया हुआ था एक शिक्षक प्रशिक्षण में था तो डा पासी का फोन घर पहुंचा और कहा कि तुरंत मिलने को बुलाया है. मै आते ही ...

आशिक की है बारात - जरा झूमके निकले. 27 April 2017

भौंडी आवाज में गरीब बैंड वालों को गवाने वालों, ढोल और ताशों से दूसरों का चैन छिनने वालों, सड़कों पर घटिया नाच कर ट्रैफिक जाम करने वालों - जाओ तुम्हे श्राप देता हूँ कि तुम्हारे वैवाहिक जीवन मे इससे ज्यादा कलह और शोर हो, तुम्हारी जीवन गाड़ी हमेंशा किसी ट्रैफिक में दबकर सिसकती रहें और तुम अपनी घरवाली के ढोल ताशों पर ताउम्र नाचते रहो और कोई एक चवन्नी भी ना लुटाएं, तुम्हारे जीवन मे बिजली ना आये और ऐसा अंधेरा छा जाएं कि तुम एक जुगनू के लिए तरस जाओ। शादी कर रहे हो तो क्या किसी के बाप  पर एहसान कर रहे हो - साला रात रात भर पुट्ठे हिलाकर नाचते हो और दूसरों की नींद हराम करते हो, बारात में घण्टों सड़कों पर मटकते रहते हो, तुम्हारी शादी क्या इतिहास में पहली बार हो रही ? साला अपना जीवन तो नर्क बनाओगे ही शादी के बाद - उसके मातम में हम सबको क्यों लपेटे में लेते हो ? और प्रशासन , पुलिस खींसे निपोरकर नाचते लौंडों और पसीने में नहाती औरतों को घूरकर मजे से देखती रहती है कि कही कुछ दिख जाए, सड़क पर और छतों पर खड़े लोग काल भैरव को मन्नत करते है कि कुछ सामान दिख जाए तो दिन बन जाएं - इन सब बारातियों...