Skip to main content

मप्र सरकार – अज्ञान के अंधेरों से ज्ञान के उजालों की ओर ले चलो 18 July 2017



मप्र सरकार – अज्ञान के अंधेरों से ज्ञान के उजालों की ओर ले चलो

मप्र सरकार ने हाल ही में निर्णय लिया है कि प्रत्येक सरकारी अस्पताल में ज्योतिष बैठाये जायेंगे और ये ज्योतिष मात्र पांच रुपया लेकर सबकी समस्याओं का हल बताएँगे. इस संदर्भ में खबर यह है की सरकार ने किसी बड़ी संस्था से अनुबंध भी हस्ताक्षरित कर लिया है. मप्र सरकार का यह फैसला कई मायनों में अनूठा है और विचित्र भी है. प्रदेश में शिवराज सरकार गत तेरह वर्षों से और भाजपा पंद्रह वर्षों से राज कर रही है इस दौरान यदि मानव विकास सूचकांक देखे तो हम पायेंगे कि देश के बाकी राज्यों कि तुलना में यहाँ के आंकड़े पहले नम्बर या दुसरे नम्बर पर रहे है और इस तरह हमने लगभग हर जगह तरक्की करके नकारात्मक नाम रोशन किया है चाहे वह महिला हिंसा हो या कुपोषण या भ्रष्टाचार के आमले हो या अवैध खनन के, पर इस सबसे निजात पाने के लिए अपनी सत्ता के आखिरी दिनों में चल रहे और पिछले तेरह वर्षों में सबसे ज्यादा मुसीबत के दिन झेल रहे शिवराज सिंह चौहान के लिए यह फैसला लेना कितना तसल्ली भरा रहा होगा यह अकल्पनीय है.

मजेदार यह है की मप्र सरकार ने विदेशों की तर्ज पर देश में पहली बार अपने प्रदेश में आनंद मंत्रालय खोला है और इस मंत्रालय का कैलेंडर जारी करके एक भव्य कार्ययोजना भी बनाई थी. परन्तु एक वर्ष के बाद ना लोगों में आनंद  की अनुभूति हुई ना ही प्रशासन में या सत्ता के निकट जुड़े लोगों में आनंद का संचार हुआ. अब यह नया फैसला शायद लोगों को बीमारी, अवसाद तनाव और अन्य जटिल समस्याओं से छुटकारा पाने में शायद मदद कर दें यह देखना होगा.

जिस प्रदेश में लाखो बच्चे कुपोषण से प्रति वर्ष मर जाएँ, जचकी के लिए मूल सुविधाएं ना हो, जिस प्रदेश में जंग लगे औजारों से आँखों के आपरेशन हो और सैंकड़ों मरीज अंधे हो जाए, जहां लेबर रूम में कुतिया बच्चे दें और कोई देखभाल करने वाला ना हो, आक्सीजन के सिलेंडर चलते चलते मप्र जैसे बड़े राज्य के सबसे बड़े अस्पताल में सौ पचास मरीज मर जाए, नवजात शिशु गहन चिकित्सा कक्ष में आग लग जाए और बच्चे जलकर मर जाए, प्रदेश के दूरदराज ही नहीं बड़े शहरों के पोषण पुनर्वास केंद्र बंद पड़े हो और बच्चे कुपोषण से मर जाएँ तो वहाँ यह फैसला क्या और कैसे समस्याओं से निजात दिलाएगा यह समझ से परे है.

तीसरा महत्वपूर्ण पहलू है एक ओर प्रदेश में सरकारी चिकित्सा महाविद्यालयों के साथ निजी चिकित्सा महाविद्यालय खोले जा रहे है, पैरा मेडिकल के पाठ्यक्रम शुरू किया जा रहे है बावजूद इसके डाक्टरों की कमी से यह प्रदेश जूझ रहा है साथ ही पैरा मेडिकल स्टाफ भी पर्याप्त संख्या में नही है और प्रदेश के सामुदायिक स्वास्थ्य के स्थिति बहुत बुरी है फिर इन मुद्दों पर काम करने के बजाय सरकार का यह फैसला बहुत ही अचरज दर्शाता है कि लोकतन्त्र  में कैसे सरकार अपने होने और ताकत का बेजा इस्तेमाल जनता के विरुद्ध करती है. यहाँ यह उल्लेखनीय है कि भारतीय संविधान “वैज्ञानिक चेतना के प्रसार और प्रचार“ कल्याणकारी राज्य की भूमिका को महत्वपूर्ण मानता ही नहीं बल्कि निर्देशित भी करता है कि राज्य तमाम ऐसे उपाय करके योजनायें बनाएगा जिससे नागरिकों में वैज्ञानिक चेतना का विकास हो और वे तर्कपूर्ण तरीकों से समाज में जियें और रहना सीखें. परन्तु मप्र शासन ने जिस तरह से यह निर्णय लिया है वह बेहद आपत्तिजनक है जो इस तरह कि कूपमंडूकता को दर्शाता है जो नागरिकों को अवैज्ञानिक और अंधविश्वासों से भरे युग में ले जाने के लिए बाध्य अरता है. यह एक तरह से कहें तो अपनी जिम्मेदारी से पल्ला छुडाकर लापरवाही से आम लोगों को नर्क में जीने को अभिशप्त कर रहा है.  

दरअसल में इसकी पृष्ठभूमि में प्रदेश में होने वाले सरकारी धार्मिक आयोजन है जिसमे राज्य सरकारी खजाने से पंथ निरपेक्ष लोक कल्याणकारी राज्य में जनता के मेहनत कि गाढ़ी कमाई का बड़ा हिस्सा खर्च करता है. बारह वर्षों में आयोजित होने वाला उज्जैन के सिंहस्थ को अभी तक लोग अपना आयोजन मानकर मनाते थे और आयोजित करते थे जिसमे प्रशासन थोड़ी बहुत मदद करता था व्यवस्थाएं देखता था, परन्तु पिछले वर्ष हुए आयोजित हुए सिंहस्थ कि पूरी बागडोर शिवराज सिंह चौहान ने अपने हाथों में ले ली मानो यह उनका कोई निजी घरेलू आयोजन हो और पूरी मशीनरी को ना मात्र झोंका बल्कि खुद भी हर दूसरे तीसरे दिन सपत्निक वहाँ उपस्थित रहें, देशभर में लोगों को आने के लिए भव्य स्तर पर विज्ञापन दिए गए और बुलवाया गया. विचार मंथन हुआ. साढ़े तीन  हजार करोड़ रुपयों से आयोजित कुल जमा खर्च का फल किसे, कब, कहाँ और कैसे मिला यह तो खैर भगवान ही जानता है पर जनता का रुपया बर्बाद हुआ बेतहाशा यह सर्वविदित है. इस वर्ष नर्मदा यात्रा और छः करोड़ पौधे लगाने में २४ जिलों के प्रशासन को जिस तरह से इंगेज किया गया छः माह और कोई काम जमीनी स्तर पर नही हुए वह भी एक गंभीर लापरवाही है और इसमें भी जनता कि कमाई सरकार ने खर्च की.

यदि सरकार के इन निर्णयों और कार्यवाहियों के परिपेक्ष्य में अस्पतालों में ज्योतिष नियुक्त करने के अनुबंध को देखा जाए तो यह त्रस्त, हारी हुई और बेहाल जनता को मानसिक रोगी मानकर “मनोवैज्ञानिक” रूप से ट्रीट करने का एक थोथा उपाय है जिस पर रोक लगनी चाहिए. सरकार को मात्र पांच रूपये में लोगों को भरमाना आता है जबकि ओपीडी में रोगी कल्याण समिति से पर्ची ही दस रूपये में बनती है किसी भी सरकारी अस्पताल में ऐसे में ये पांच रूपये वाले डिप्लोमाधारी क्या खाकर लोगों का इलाज करेंगे और भविष्य बाचेंगे?

यह सिर्फ अपनी जिम्मेदारियों से भागकर नवाचार और पाखण्ड के नाम पर ढोंग रचने और आने वाले चुनावों में बड़ी संख्या में एक वर्ग विशेष के लोगों और बेरोजगारों को सस्ता और शार्टटर्म रोजगार देने की  नुमाइश भर है जो दुनिया में सिर्फ मप्र में ही है. इसका पुरजोर विरोध होना चाहिए ताकि हम अपनी संततियों  को पीछे धकेलने के बजाय स्वस्थ और वैज्ञानिक युग की ओर ले जाए.


Comments

Popular posts from this blog

हमें सत्य के शिवालो की और ले चलो

आभा निवसरकर "एक गीत ढूंढ रही हूं... किसी के पास हो तो बताएं.. अज्ञान के अंधेरों से हमें ज्ञान के उजालों की ओर ले चलो... असत्य की दीवारों से हमें सत्य के शिवालों की ओर ले चलो.....हम की मर्यादा न तोड़े एक सीमा में रहें ना करें अन्याय औरों पर न औरों का सहें नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." मैंने भी ये गीत चित्रकूट विवि से बी एड करते समय मेरी सहपाठिन जो छिंदवाडा से थी के मुह से सुना था मुझे सिर्फ यही पंक्तिया याद है " नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." बस बहुत सालो से खोज जारी है वो सहपाठिन शिशु मंदिर में पढाती थी शायद किसी दीदी या अचार जी को याद हो........? अगर मिले तो यहाँ जरूर पोस्ट करना अदभुत स्वर थे और शब्द तो बहुत ही सुन्दर थे..... "सब दुखो के जहर का एक ही इलाज है या तो ये अज्ञानता अपनी या तो ये अभिमान है....नफरतो के जहर से प्रेम के प्यालो की और ले चलो........"ये भी याद आया कमाल है मेरी हार्ड डिस्क बही भी काम कर रही है ........आज सन १९९१-९२ की बातें याद आ गयी बरबस और सतना की यादें और मेरी एक कहानी "सत...

Rest in Peace Dr BK Pasi, You will be Remembered Always

नमन डा बी के पासी सन 1991-92 का साल था , एम ए अंग्रेज़ी में करने के बाद कुछ और पढ़ा जाए इस बात की इच्छा थी लिहाजा सोचा कि पीएच डी करने में तो समय लगेगा क्यों ना एम फिल कर लिया जाए, इंदौर के देवी अहिल्या विवि में थोड़ा परिचय था, स्याग भाई ( डा रामनारायण स्याग ) ने ताजा ताजा शोध पूरा किया था और शिक्षा विभाग में अक्सर आना जाना होता था, देवास की मीना बुद्धिसागर उन दिनों वहा शोध के लिए पंजीकृत हुई ही थी, डा उमेश वशिष्ठ, डा सुशील त्यागी, डा छाया गोयल और डा देवराज गोयल से परिचय था ही, सो सोचा कि क्यों ना यहाँ कुछ पढाई की संभावनाएं टटोली जाएँ. सीधा जाकर डा बी के पासी से मिला तो उन्होंने अपने चिर परिचित अंदाज में कहा क्या करेगा अब पढ़कर और इतना अच्छा काम कर रहा है तो अब क्या करना है फिर मैंने जिद की तो उन्होंने कहा कि थोड़ा ठहर जा मै एक नया पाठ्यक्रम शुरू कर रहा हूँ भविष्य अध्ययन मान्यता के लिए प्रकरण यु जी सी गया है आते ही सूचना करूंगा. बात आई गयी हो गयी, एक दिन बैतूल में गया हुआ था एक शिक्षक प्रशिक्षण में था तो डा पासी का फोन घर पहुंचा और कहा कि तुरंत मिलने को बुलाया है. मै आते ही ...

आशिक की है बारात - जरा झूमके निकले. 27 April 2017

भौंडी आवाज में गरीब बैंड वालों को गवाने वालों, ढोल और ताशों से दूसरों का चैन छिनने वालों, सड़कों पर घटिया नाच कर ट्रैफिक जाम करने वालों - जाओ तुम्हे श्राप देता हूँ कि तुम्हारे वैवाहिक जीवन मे इससे ज्यादा कलह और शोर हो, तुम्हारी जीवन गाड़ी हमेंशा किसी ट्रैफिक में दबकर सिसकती रहें और तुम अपनी घरवाली के ढोल ताशों पर ताउम्र नाचते रहो और कोई एक चवन्नी भी ना लुटाएं, तुम्हारे जीवन मे बिजली ना आये और ऐसा अंधेरा छा जाएं कि तुम एक जुगनू के लिए तरस जाओ। शादी कर रहे हो तो क्या किसी के बाप  पर एहसान कर रहे हो - साला रात रात भर पुट्ठे हिलाकर नाचते हो और दूसरों की नींद हराम करते हो, बारात में घण्टों सड़कों पर मटकते रहते हो, तुम्हारी शादी क्या इतिहास में पहली बार हो रही ? साला अपना जीवन तो नर्क बनाओगे ही शादी के बाद - उसके मातम में हम सबको क्यों लपेटे में लेते हो ? और प्रशासन , पुलिस खींसे निपोरकर नाचते लौंडों और पसीने में नहाती औरतों को घूरकर मजे से देखती रहती है कि कही कुछ दिख जाए, सड़क पर और छतों पर खड़े लोग काल भैरव को मन्नत करते है कि कुछ सामान दिख जाए तो दिन बन जाएं - इन सब बारातियों...