Skip to main content

पतझड़ हंसने का समय है कि नई कोंपलें उगे 1 अप्रैल 2019

"पतझड़ हंसने का समय है कि नई कोंपलें उगे"
__________
Image may contain: Sandip Naik, smiling, text

"अप्रैल सबसे क्रूरतम माह है" और यह बात जब टी एस इलियट अपनी विश्व प्रसिद्ध कविता "द वेस्टलैंड " की पहली पंक्ति में कहते है तो मुझे वो शाम याद आ जाती है जहां जाकर  मैं अक्सर बैठ जाता हूं लगता है कि जीवन पर कितने लोगों का कर्ज है जो उतारना है , पहाड़ी के सामने से जब सूरज उगता है और यहां पर जलती लाशों को देखता हूं तो संसार का यथार्थ सामने आ जाता है । सब स्पष्ट हो जाता है और लगता है मानो किसी ने इस तरह से बनाया था कि सब यहीं उगे और यही खत्म हो, किसी भी तरह मन नही मानता कि जीवन यहीं से उगेगा - यहीं पर रहेगा -यही यात्राएं होंगी और यहीं पर अंत होगा।

सन्ताप, अवसाद, ताप, कुंठाओं और प्रतिस्पर्धाओं से भरे शरीर की आस कितनी थी, दौड़ ही रहा हूँ सब कुछ पा लेने को और इस सबमे यह भूल गया कि मैं कहाँ - कहाँ छोड़ता रहा, अपने से बात ही नही की, समझना ही नही चाहा कभी अपने को । सुबह उठता तो प्रचंड वेग और जोश से भागता, सबको पीछे छोड़ने की होड़ में कभी थकना सीखा ही नही ।रात में अतृप्त स्वप्नों का संसार लेकर अधखुली आँखों से अपनी झोली में वो सब कुछ पा लेने की हवस थी कि लगता बस यह एक और मुकाम - एक और गला काट स्पर्धा का धावक बन जाऊं, अपने नन्हे पगों से इस वृहत्तर दुनिया को किसी वामनवतार की तरह मात्र तीन डगों से नाप लूँ पर इस सबमे भूलता गया कि हम सिर्फ एक निमित्त मात्र ही है।

अप्रैल इन्ही सब उदास इच्छाओं और नाकामियों का हश्र है जो फिर से सब शुरू करने का सिला भी देता है और पुरजोर ताकत भी। यह माह पतझड़ की शुरुवात करता है ताकि फिर सब नया हो सकें -  हरा और रंगीन ! देखो सेमल के फूल से रुई के फाहे को और बोगनवेलिया के उस झुंड को जो प्रचंड गर्मी के ताप में भी उदात्त भाव से खिला है, बॉटल ब्रश के खिले और गहरे रंग कितने सुहाने हैं - क्या हुआ यदि कुछ पेड़ तप्त धूप में झड़ गए कुछ समय के लिए - इससे जीवन तो नही ठहरता है - लंबे सूने रास्तों पर जो अकेली पहाड़ी पर जाते  हो - टेसू का एक सुर्ख फूल जीवन में अक्षुण्ण ऊर्जा दे जाता है

दुनिया को सबसे ज़्यादा हंसाने वाले और मनुष्य की विद्रूपताओं पर चोट करने वाले चार्ली चैपलिन भी इसी माह जन्में थे , हम सब जानते है कि उनका संघर्ष कितना बड़ा था पर जो तीन बातें उन्होंने कही वो सच में बहुत बड़ी है - यदि आप किसी दिन नही हंसते तो समझो जीवन का वह दिन बेकार गया, इस संसार में कुछ भी स्थाई नही है यहां तक कि हमारे ग़म भी नही और यदि किसी का चरित्र आंकना हो तो तब देखो जब वह मय पिया हो । चार्ली ने जीवन भर हंसाया लोगों को और अपने धीर गंभीर बातों से लोगों को समाज की बुराइयों के बारे में बताया, तानाशाही को लेकर उनका दिया गया प्रेरक उदबोधन आज भी सामयिक है । यह सिर्फ चार्ली की बात नही - उन सब लोगों की बात है जो अप्रैल जैसे क्रूर माह में जन्में है - शायद इसी बात को इलियट अपनी कविता में इंगित करते है जो अंत में जाकर भारतीय दर्शन के दत्ता, दमयता , दयाधम जैसे तीन शब्दों के साथ ओम शांति पर समाप्त होती है। इसलिए खूब हंसों और सब कुछ नश्वर है यह मानकर चलो - पतझड़ होगा ही नही तो नई कोंपलें नही फूटेंगी - यह भी नियम है

ये तरबूज, खरबूज, आम,  शहतूत, रसीले रँग बिरंगी शरबत, कच्चे कैरी के पने, कैरी पुदीने की हरी कच्च चटनी, कच्ची मीठी इमली, बर्फ के  गोले, लस्सी, मटका कुल्फ़ी और खूब ठंडी आईसक्रीम का मौसम है, बाजार सज रहें है , श्रीखंड खाने की चैत्र प्रतिपदा आ रही है गौरी पूजा के बाद चने की दाल को भीगोकर जो दाल बनाई जाती है पूजा में उसकी पदचाप ने मन पागल कर दिया है, सिर्फ चावल और खट्टी मीठी दाल या दही बड़े खाने को ही मन करें बजाय भारी गरिष्ठ भोजन के तो समझो आ गए दिन गर्मी के

शाम को घास और बगीचों की ओर रुख करें और सूनी पटरियों के किनारों से डूबते सूरज को विदाई देने को जा बैठे,  छत पर पड़े हुए शीतलता को ओढ़ने की रात और भोर से आँख मलते सूरज की चुंधियाती रश्मि किरणों को हटाकर छाँव में भागने के दिन आ गए है, यह सब इसलिये कि सनद रहें गर्मियों में जितना क्षोभ, अवसाद, संताप और आलस है उतना ही मीठा, खट्टा और जीवन को वरदान देने वाले प्रलोभन भी है कि इन्हीं के सहारे गुजर जाएगा यह सब ।




Comments

Popular posts from this blog

हमें सत्य के शिवालो की और ले चलो

आभा निवसरकर "एक गीत ढूंढ रही हूं... किसी के पास हो तो बताएं.. अज्ञान के अंधेरों से हमें ज्ञान के उजालों की ओर ले चलो... असत्य की दीवारों से हमें सत्य के शिवालों की ओर ले चलो.....हम की मर्यादा न तोड़े एक सीमा में रहें ना करें अन्याय औरों पर न औरों का सहें नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." मैंने भी ये गीत चित्रकूट विवि से बी एड करते समय मेरी सहपाठिन जो छिंदवाडा से थी के मुह से सुना था मुझे सिर्फ यही पंक्तिया याद है " नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." बस बहुत सालो से खोज जारी है वो सहपाठिन शिशु मंदिर में पढाती थी शायद किसी दीदी या अचार जी को याद हो........? अगर मिले तो यहाँ जरूर पोस्ट करना अदभुत स्वर थे और शब्द तो बहुत ही सुन्दर थे..... "सब दुखो के जहर का एक ही इलाज है या तो ये अज्ञानता अपनी या तो ये अभिमान है....नफरतो के जहर से प्रेम के प्यालो की और ले चलो........"ये भी याद आया कमाल है मेरी हार्ड डिस्क बही भी काम कर रही है ........आज सन १९९१-९२ की बातें याद आ गयी बरबस और सतना की यादें और मेरी एक कहानी "सत...

Rest in Peace Dr BK Pasi, You will be Remembered Always

नमन डा बी के पासी सन 1991-92 का साल था , एम ए अंग्रेज़ी में करने के बाद कुछ और पढ़ा जाए इस बात की इच्छा थी लिहाजा सोचा कि पीएच डी करने में तो समय लगेगा क्यों ना एम फिल कर लिया जाए, इंदौर के देवी अहिल्या विवि में थोड़ा परिचय था, स्याग भाई ( डा रामनारायण स्याग ) ने ताजा ताजा शोध पूरा किया था और शिक्षा विभाग में अक्सर आना जाना होता था, देवास की मीना बुद्धिसागर उन दिनों वहा शोध के लिए पंजीकृत हुई ही थी, डा उमेश वशिष्ठ, डा सुशील त्यागी, डा छाया गोयल और डा देवराज गोयल से परिचय था ही, सो सोचा कि क्यों ना यहाँ कुछ पढाई की संभावनाएं टटोली जाएँ. सीधा जाकर डा बी के पासी से मिला तो उन्होंने अपने चिर परिचित अंदाज में कहा क्या करेगा अब पढ़कर और इतना अच्छा काम कर रहा है तो अब क्या करना है फिर मैंने जिद की तो उन्होंने कहा कि थोड़ा ठहर जा मै एक नया पाठ्यक्रम शुरू कर रहा हूँ भविष्य अध्ययन मान्यता के लिए प्रकरण यु जी सी गया है आते ही सूचना करूंगा. बात आई गयी हो गयी, एक दिन बैतूल में गया हुआ था एक शिक्षक प्रशिक्षण में था तो डा पासी का फोन घर पहुंचा और कहा कि तुरंत मिलने को बुलाया है. मै आते ही ...

आशिक की है बारात - जरा झूमके निकले. 27 April 2017

भौंडी आवाज में गरीब बैंड वालों को गवाने वालों, ढोल और ताशों से दूसरों का चैन छिनने वालों, सड़कों पर घटिया नाच कर ट्रैफिक जाम करने वालों - जाओ तुम्हे श्राप देता हूँ कि तुम्हारे वैवाहिक जीवन मे इससे ज्यादा कलह और शोर हो, तुम्हारी जीवन गाड़ी हमेंशा किसी ट्रैफिक में दबकर सिसकती रहें और तुम अपनी घरवाली के ढोल ताशों पर ताउम्र नाचते रहो और कोई एक चवन्नी भी ना लुटाएं, तुम्हारे जीवन मे बिजली ना आये और ऐसा अंधेरा छा जाएं कि तुम एक जुगनू के लिए तरस जाओ। शादी कर रहे हो तो क्या किसी के बाप  पर एहसान कर रहे हो - साला रात रात भर पुट्ठे हिलाकर नाचते हो और दूसरों की नींद हराम करते हो, बारात में घण्टों सड़कों पर मटकते रहते हो, तुम्हारी शादी क्या इतिहास में पहली बार हो रही ? साला अपना जीवन तो नर्क बनाओगे ही शादी के बाद - उसके मातम में हम सबको क्यों लपेटे में लेते हो ? और प्रशासन , पुलिस खींसे निपोरकर नाचते लौंडों और पसीने में नहाती औरतों को घूरकर मजे से देखती रहती है कि कही कुछ दिख जाए, सड़क पर और छतों पर खड़े लोग काल भैरव को मन्नत करते है कि कुछ सामान दिख जाए तो दिन बन जाएं - इन सब बारातियों...