Skip to main content

"रामनारायण बाजा बजाता" 25 Nov 26 on wards

"रामनारायण बाजा बजाता"
_________
दो नववारी धोती में देखा जिया को हमेशा, घर गृहस्थी में पीसती, कलह, चिकचिक, गरीबी, भुखमरी में सारा जीवन चला गया, ग्यारह बच्चे और सबके सब एकदम बेकार, ना काम धंधा, ना ढंग की पढ़ाई, ना नौकरी और बड़े होने पर ग्यारह में से छह लड़कियां भी बस थोड़ा बहुत पढ़कर सौ रूपल्ली की नौकरी करने वाली निकली - जो उस समय भी सम्मानजनक तनख्वाह थी, पर आधे से ज्यादा तो उनके मेकअप, नाखून के रंगने में और जार्जेट की साड़ी लाने में खर्च हो जाते, छहों मिलकर जिया को एक - डेढ़ हजार माह का देती - जिसमें जिया किसी तरह से घर चलाती
पांच लड़के भी ठीक ही थे, दो तो दिनभर मुहल्ले के पानवाले विष्णु चौरसिया के यहां दुकान पर टंगे रहते, कोई बीड़ी का टोटा फेंकता तो झट से उठाकर सुलगा लेते उस लाल लाइटर से जो विष्णु की पत्नी सावित्री के पेटीकोट के नाडे से दुकान के पिछवाड़े लटका रहता, बाकी तीन लड़के यहां - वहां टप्पे खाते रहते - कभी पुताई का काम मिल जाता तो कभी सफाई का, कभी बगीचे में, कभी पास ले शहर से मेहमान लाने का, कभी किसी फौजी अफसर की गाड़ी धोने का, घर में नगदी तो नहीं दे पाते पर छोटा मोटा सामान ले आते, एकादशी पर केले, साबूदाना, मूंगफली के दाने, कभी बिजली का बिल भर देते, कंट्रोल से राशन ले आते, मेहमान आने पर दो पाव दूध, या गुडरिक चाय की दस रूपए वाला पाउच, वनस्पति घी का यानी डालडा का पाव भर वाला पैकेट, इसलिए जिया बहुत दबाव नहीं डालती थी लौंडो पर
जिया का जीवन छह लड़कियों के लिए लड़का ढूंढने में व्यर्थ हो गया - जो थोड़ा बहुत बिधाता ने रख छोड़ा था - वो ग्यारह औलादों के ब्याह के बाद उनके घर जो बच्चे जने, उनके तेल - मालिश, जचकी, अजवाइन, कंडे और बच्चों को बड़ा करने में बीत गया, सारे दामाद भी नगीने मिले थे - छोटी - मोटी नौकरी, दिहाड़ी, टेलर या दवाई की दुकान पर काम करने वाले, देर रात अंधेरे में दारू के पाउच बेचने वाले, श्मशान घाट से नारियल उठाकर ठेले पर ताजा नारियल बेचने वाले, एक तो जेल से सजा काटकर आया था सात बरस तक - जब सबसे छोटी का ब्याह किया तो उन दोनों में तेरह बरस का अंतर था, पर जिया को अब मुक्ति चाहिए थी लड़कियों के ब्याह से, सो ब्याह दी बूढ़े से ही, जिया क्या ही करती, उसे लड़कियों को निपटाकर लड़कों के लिए सुशील कन्याएँ लानी थी
लड़कों को लड़कियां ऐसी चाहिए थी कि कोई सुन ले तो हँसते - हँसते ही मर जाए - "सुंदर, सुशील, चरित्रवान, ब्राह्मण, सरकारी नौकरी, कम से कम ढाई सौ रूपया कमाने वाली, लेडीज साइकिल खरीदकर चला सकें, बाजार आदि कर लें, उधारी जो सर पर बरसों से नाच रही है - उसे शादी की तुरंत बाद ही तीन - चार किश्तों में चुका दें और पूरे खानदान की आवभगत में कमी ना रखें कोई आ जाए तो" मिली भी दो बहुएं तो हुबहू आई भी ऐसी ही, पर बाकी तीन बहुएं कजाक थी और जिया को हमेशा सूली पर टांगे रखती थी, छह ननदों को पूछना तो दूर - सीधे मुंह बात नहीं करती थी
जिया के दामाद अलग नंगा नाच करते, मिल मवाली जैसी हरकतों ने जिया का जीना मुश्किल कर रखा था, वे बीवियों को पीटते और पीहर भेज देते, हालांकि दहेज जैसा मसला नहीं था, पर सास सौ - दो सौ देकर बेटी को दस दिन रखकर बिदा कर दें - यही उनका प्रतिफल था, जिया को बहुओं की प्रताड़ना के दर्द के साथ पीहर आई बेटियों और उनके चार - पांच बच्चों को भी झेलना पड़ता
देश में क्या हो रहा उसका तो नहीं, पर मुहल्ले में खाकी चड्ढी और सफेद शर्ट पहने लाठी लेकर चलने वाले बच्चों, युवाओं और बड़े लोगों का भान था, महाराष्ट्र समाज के पिछवाड़े इमली के पेड़ के नीचे ये धीरे - धीरे हर शाम इकट्ठे होना शुरू हुए थे, एक कोई खास था शायद जो जोर - जोर से सबको घेरे में करके खेल खिलाता - "रामू भैया - जय बजरंगी", फिर नीचे बैठाकर भाषण देता था, पता नहीं क्या बोलता पर सब सुनते, हँसते और कोई प्रार्थना गाकर चले जाते घर
वह नेता जैसा युवा घारी आंखों वाला था, चुस्त और हमेशा बगल में एक झोला लटकाकर रखता था, मुहल्ले में बारी - बारी से वह सबके घर जाता, एक दिन जिया के घर भी आया शाम को जब जिया तेल बाती कर रही थी और जिया के पांव पड़े और मीठी आवाज में बोला "काय आई कशा आहात, तुम्हीं, एक कप चाहा मिळेल का" जिया को लगा - ग्यारह औलादों के बाद भी उसे किसी ने इतने प्यार से नहीं पुकारा, लगा कि वह गांधारी है और यह साक्षात् कर्ण - चक्की वाले महादेव के मंदिर में जिया भागवत सुनने जाती थी साल में दो बार तो उसे कुछ कुछ नाम याद थे, एकदम सुदर्शन पुरुष था, गोरा, भव्य ललाट, सुंदर, मोती के समान चमकते दाँत और श्वेत धवल वस्त्र, आवाज में शहद के समान मिठास और एकदम मासूम चेहरा

Comments

Popular posts from this blog

हमें सत्य के शिवालो की और ले चलो

आभा निवसरकर "एक गीत ढूंढ रही हूं... किसी के पास हो तो बताएं.. अज्ञान के अंधेरों से हमें ज्ञान के उजालों की ओर ले चलो... असत्य की दीवारों से हमें सत्य के शिवालों की ओर ले चलो.....हम की मर्यादा न तोड़े एक सीमा में रहें ना करें अन्याय औरों पर न औरों का सहें नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." मैंने भी ये गीत चित्रकूट विवि से बी एड करते समय मेरी सहपाठिन जो छिंदवाडा से थी के मुह से सुना था मुझे सिर्फ यही पंक्तिया याद है " नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." बस बहुत सालो से खोज जारी है वो सहपाठिन शिशु मंदिर में पढाती थी शायद किसी दीदी या अचार जी को याद हो........? अगर मिले तो यहाँ जरूर पोस्ट करना अदभुत स्वर थे और शब्द तो बहुत ही सुन्दर थे..... "सब दुखो के जहर का एक ही इलाज है या तो ये अज्ञानता अपनी या तो ये अभिमान है....नफरतो के जहर से प्रेम के प्यालो की और ले चलो........"ये भी याद आया कमाल है मेरी हार्ड डिस्क बही भी काम कर रही है ........आज सन १९९१-९२ की बातें याद आ गयी बरबस और सतना की यादें और मेरी एक कहानी "सत...

अदम गोंडवी की ग़ज़लें

अदम गोंडवी की ग़ज़लें............हिन्दुस्तान ने एक शायर ही नहीं खोया बल्कि एक मुकम्मिल इंसान खो दिया है जो लोगो से लोगो की बात कराता था.............और बस इसी तरह से लड़ते भिडते और मौत से भी जीत गया वो........किसी से मदद की गुहार नहीं लगाई और किसी का मोहताज भी नहीं रहा धन्य है ऐसे अदम गोंडवी और धन्य है उनकी धारदार लेखनी.........नमन......... काजू भुने प्लेट में, व्हिस्की गिलास मे उतरा है रामराज विधायक निवास में पक्के समाजवादी हैं, तस्कर हों या डकैत इतना असर है ख़ादी के उजले लिबास में आजादी का वो जश्न मनायें तो किस तरह जो आ गए फुटपाथ पर घर की तलाश में पैसे से आप चाहें तो सरकार गिरा दें संसद बदल गयी है यहाँ की नख़ास में जनता के पास एक ही चारा है बगावत यह बात कह रहा हूँ मैं होशो-हवास में 000 मुक्तिकामी चेतना अभ्यर्थना इतिहास की यह समझदारों की दुनिया है विरोधाभास की आप कहते हैं इसे जिस देश का स्वर्णिम अतीत वो कहानी है महज़ प्रतिरोध की, संत्रास की यक्ष प्रश्नों में उलझ कर रह गई बूढ़ी सदी ये परीक्षा की घड़ी है क्या हमारे व्यास की? इस व्यवस्था ने नई पीढ़ी को आखिर क्या दिया सेक्स की रंगीनियाँ या ...

आशिक की है बारात - जरा झूमके निकले. 27 April 2017

भौंडी आवाज में गरीब बैंड वालों को गवाने वालों, ढोल और ताशों से दूसरों का चैन छिनने वालों, सड़कों पर घटिया नाच कर ट्रैफिक जाम करने वालों - जाओ तुम्हे श्राप देता हूँ कि तुम्हारे वैवाहिक जीवन मे इससे ज्यादा कलह और शोर हो, तुम्हारी जीवन गाड़ी हमेंशा किसी ट्रैफिक में दबकर सिसकती रहें और तुम अपनी घरवाली के ढोल ताशों पर ताउम्र नाचते रहो और कोई एक चवन्नी भी ना लुटाएं, तुम्हारे जीवन मे बिजली ना आये और ऐसा अंधेरा छा जाएं कि तुम एक जुगनू के लिए तरस जाओ। शादी कर रहे हो तो क्या किसी के बाप  पर एहसान कर रहे हो - साला रात रात भर पुट्ठे हिलाकर नाचते हो और दूसरों की नींद हराम करते हो, बारात में घण्टों सड़कों पर मटकते रहते हो, तुम्हारी शादी क्या इतिहास में पहली बार हो रही ? साला अपना जीवन तो नर्क बनाओगे ही शादी के बाद - उसके मातम में हम सबको क्यों लपेटे में लेते हो ? और प्रशासन , पुलिस खींसे निपोरकर नाचते लौंडों और पसीने में नहाती औरतों को घूरकर मजे से देखती रहती है कि कही कुछ दिख जाए, सड़क पर और छतों पर खड़े लोग काल भैरव को मन्नत करते है कि कुछ सामान दिख जाए तो दिन बन जाएं - इन सब बारातियों...