Skip to main content

Khari Khari, Drisht kavi, Man Ko Chiththi and other Posts from 12 to 19 Nov 2026

बचपन से अभी तक तीन मौतें तो घर में देख ली, बीस - पच्चीस कुटुंब में, और शहर में परिचितों और दोस्तों, मिलने वालों की मौत की संख्या के बारे में कह नही सकता, हर बार किसी की मौत की खबर एक कौतुक की तरह लगती है, हर बार लगता है यह जो देह जिसकी अंतिम क्रिया के लिए इस भरी पूरी भीड़ के संग जा रहा हूँ - वो जलाई जाएगी, गाडी जायेगी, या नदी में छोड़ दी जाएगी - नहीं मालूम, पर हरेक मौत अबूझ पहेली की तरह लगती है
अपनी उम्र तो बढ़ ही रही है, परन्तु श्मशान में जाने की तीव्रता (Frequency) बहुत बढ़ गई है इधर, हफ्ते में तीन बार तो जाना ही पड़ रहा, कभी - कभी तो एक ही दिन में दो बार भी, अब हर आदमी मुझे एक दिन का पूरा समय लगता है और आसपास रहने वाले - चलने - फिरने वाले पंद्रह दिनों की रस्म अदायगी के प्रोजेक्ट - विकट स्थिति है
हर बार किसी मिट्टी के साथ जाता हूँ, तो कहानियों की श्रृंखला खुलने लगती है, लोग श्मशान में मृतक की पूरी वेताल बत्तीसी लेकर बैठ जाते है, उधर देह जल रही होती है या फातिहे की नमाज पढ़ी जाती है और बातें शुरू हो जाती है, और फिर जो किस्सागोई होती है - वह तमाम दायरे तोड़कर होती है
आज भी बरसों पुराने एक मित्र की अंत्येष्टि में गया था, घर - परिवार के लोगों का इंतजार करते हुए खत्म हो चुके जीवन को तीन दिन तक मुर्दाघर में रहना पड़ा, सोचता हूँ उस देह ने ऐसा क्या जीवन में किया होगा कि मरने के बाद भी अपने अंतिम क्रिया - कलाप के लिए किसी वीरान घर में पड़ा रहें - जहां देह एक सिर्फ एक अस्थाई माथे पर लिखी संख्या हो, और आसपास ठंडी पड़ी लाशों का साम्राज्य
कल्पना कीजिए कि अचानक से उसके नातेदार लौट आए, बर्फ की सिल्ली या बिजली की मदद से ठंडी पड़ी देह को संवारा जाए, नहलाया जाए, नये वस्त्र पहनाकर बांस से बनी अस्थाई स्वर्ग की सीढ़ी से इतना कसकर बाँध दिया जाए कि रास्ते भर हिलने की भी हिमाकत ना कर सकें, देह के साथ यह कठोरपन और व्यवहार और अंत में मरघट पर जाकर होली की तरह जला देने की विधि - उफ़्फ़ कितने निष्ठुर है हम सब, जानते है हमें भी इसी से गुजरना है पर कोई इस कठिन और पेचीदा प्रक्रिया पर सवाल नहीं करता
अफसोस यह है कि आजकल देहों को अपनों का इंतजार बहुत ज्यादा करना पड़ रहा है, ना बच्चे पास है - ना जीवन साथी - ना रिश्तेदार - जाहिर अकेले मरने और संसार छोड़ते समय बहुत कुछ चाहने की इच्छा होते हुए भी पानी की दो बूंद नसीब हो रही और आसमान में ताकते हुए अकेले ही आधी अधूरी इच्छाओं के साथ मरना पड़ रहा है, यहाँ तक भी ठीक पर नश्वर देह को भी जलकर या दफना कर मुक्ति नहीं मिल रही और शनै: - शनै: गलकर खत्म होना पड़ रहा है
जीवन के दुखों में एक और दुख का यह इज़ाफ़ा बहुत पीड़ादायी है, पर मुझे तो कोई रास्ता नज़र नहीं आता कही दूर तलक, यही से राह निकलेगी - यह भरोसा तो है पर कब, कैसे, कौन - यह सब नहीं समझ आता
मैं दिमाग़ निकालकर बाहर फेंक देता हूँ और जब सब खाली हो जाता है - वज़न विहीन, तो देह बात करने लगती है
याद आते है कबीर जो कहते है
"कबीर गर्व न कीजिए, ऊँचा देखि आवास,
काल्हि परौं भूँइ लेटना, ऊपरि जमसी घास"
अर्थात अपने घर, वैभव और संपत्ति पर अहंकार मत करो, एक दिन सबको मिट्टी में मिल जाना है
***
क्यों बै पीएचडी हो गया ना ?
हां
नौकरी मिल गई ना ?
हां
अपने शहर में ट्रांसफर हो गया ना ?
हां
विवि और राज्य की कचरा किताबों में तेरी भूसा कविताएं लग गई ना ?
हां
मैंने कहा "तो बेवकूफ, चमन बहार, मूर्ख शिरोमणि - अब क्यों गाइड के फोटो, उसको मिलने वाले इनाम, उसकी ढाई सौ कूड़ा किताबों की समीक्षा और प्रचार प्रसार करता है, अभी तक उसका जन्मदिन, शादी की पुण्यतिथि और उसके कुत्ते - बिल्ली और भैंगी बीबी के फोटो चैंप रहा साले, क्यों पकाता है, अब क्या वीसी बनेगा अभी से"
मजबूरी में उसे बोलना पड़ा "नहीं भाई, शादी जिस लड़की से होनी है - वो अभी एमए करके जेआरएफ की तैयारी कर रही, बस उसी को पीएचडी करवाकर नौकरी में चिपकाना है सरकारी, बस उसके बाद गया में जाकर हम दोनों श्राद्ध कर देंगे गाइड का, तब तक तो झेलना बनता है ना यार"
***
अपने दिल - दिमाग़ से बहुत कुछ बहाना चाहता हूँ - मवाद और रक्त , मज्जाओं का पित्त भौतिक स्वरूप में और विचार और सम्भावनाएं, आशाएँ और सपने अमूर्त के नाम पर, मेरे लिए महत्वपूर्ण यह नहीं कि सब कुछ क्यों बहाना चाहता हूँ - बल्कि अपने आप से कहता हूँ कि प्रश्न यह होना चाहिए कि क्या बहाना चाहता हूँ - आवेग, उद्दाम वेग, क्षणिक उत्तेजना और बनते - बिगड़ते मूड, सब कुछ खत्म होने के बाद अपने भीतर की ओर यात्रा का प्रवाह हो - बाहर नहीं, यश और कीर्ति के लिए नहीं - सुकून और प्रारब्ध के लिए, तभी शायद मुक्ति के रास्ते और नजदीक, मजबूत एवं सुलभ हो सकेंगे और शायद यहाँ से विदाई सुनिश्चित हो
***
मॉल रोड कही के भी हो - शिमला,मसूरी, देहरादून या महू के - एक अजीब सी नकली उदासी छाई रहती है, सड़क पर चलती नकली हंसी की दौड़ में हंसती भीड़, दोनों ओर ऊंचे देवनार के पेड़, हल्के कंदील और उजास से भरी दुकानों पर ग्राहक और दुकानदार, चाट खाते लोग, सड़क के किनारों पर बैठे छोटा - मोटा सामान बेचते हुए दुकानदार, और बच्चों का हल्ला, माँओं की चीखपुकार, पिताओं का दूसरी महिलाओं को टापना और आसमान की देह काटती ठंडी हवाएं
चाँद अपनी गति में कब पूनम और अमावस्या में तब्दील होते जाता है, नीचे जमीन के अपने हिस्से पर खड़े लोगों को समझ नहीं आता - वे सिर्फ पेट की भूख को तृप्त करने के लिए लगे रहते है, मुसीबत के क्षणों में अपने दोनों हाथ उठाकर बमुश्किल ऊपर देखते है और कहते है - "हे ईश्वर", क्षुधा बहुत बड़ी चीज़ है
इधर दिन लंबे और शामें छोटी और सिकुड़ी होते जा रही है, ठिठुरन बढ़ गई है और कान टोपी के साथ रजाइयों की पूछ परख बढ़ रही है, मैं बहुत आहिस्ते से पेन निकालता हूँ और एक कोरे कागज पर कविता लिखने का प्रयास करता हूँ और हर बार तुम्हारा नाम लिखकर रह जाता हूँ, पता नहीं जैसे शब्द कोश के सारे शब्दों से स्मृति विलुप्त हो गई है
सुनो ना, कहाँ हो तुम - किसी एक सड़क पर पैदल चलते हुए किसी एक प्रेमी का नाम लो, फूलों की सुगन्ध फिर महक उठी है वातायन में और मैं और उदास होने लगता हूँ
***
अपनी किताब में आलेखों के संकलन के समय तो याद आते नहीं हम पर जब घटिया किताबें छाप लेते है तो अमेजन की लिंक भेजकर "किताब खरीद लें और लिखें" यह कहने की हिम्मत कैसे होती है बेशर्मों
रोज चापलूसी करके मलाईदार पदों पर बैठे भ्रष्ट निकम्मे और ब्यूरोक्रेट्स से लेकर तथाकथित बड़े कवियों की रचनाएं या उनकी कविताओं के टुकड़े अपने अखबार की रद्दी या पत्रिका के पन्नों पर छापते हो - तब याद नहीं आती हमारी या हमारी कविता की - पर उस कचरे को पढ़ने, उस पर टिप्पणी करने के लिए इनबॉक्स में नीचता के स्तर पर चिरौरी करते हुए लज्जा नहीं आती या टैग करके जबरन ध्यान खींचते हुए, तब कहां जाती है तुम्हारी मित्रता या करीबी दोस्त होने का भरोसा, अपनी नौकरी बचाने के लिए जो रोज रद्दी के अखबार पर कमसिन तितलियों से लेकर अपाच्य एवं गरिष्ठ साहित्यकारों के दो कौड़ी के आलेख छापते हो ना - उसमें टैग करना बंद करो
अपने असाहित्यिक गुटबाजी के मुखर - प्रखर और दलाल हो चुके घटिया पेज में किसी कमेंट या सवाल का जवाब नहीं देते, पर उसे लाइक करने के लिए रोज दिन में दस बार आमंत्रण भेजते हो, कितने ढीठ हो, जब Decline कर दिया - फिर भी मोटी चमड़ी पर असर नहीं होता तुम्हारी
डूब मरो बै, अभी और नंगई पर उतरोगे - क्योंकि विश्व पुस्तक मैला नजदीक आ रहा है
***
मनुष्य की सारी मेहनत, होशियारी और जुगाड़ - तुगाड एक अदद नौकरी पाने की होती है, नौकरी मिल जाने के बाद वह रचनात्मक या जनहित के काम करने के बजाय सारी ऊर्जा अपनी नौकरी बचाने में खर्च करते हुए खुद खर्च हो जाता है और सेवानिवृत्ति के बाद उसके पास सिर्फ शेखचिल्ली की डींगें मारने वाली कहानियाँ ही होती है - जिसमें वह नायक और शेष दुनिया खलनायक होती है
***
बुढ़ापे की आत्ममुग्धता यश नहीं - अपयश लाती है और आदमी को विशुद्ध ठलूआ बना देती है और यदि इस सबमें दुर्भाग्य से आप हिंदी साहित्य से है या आपको हिंदी के लेखक होने का भ्रम है - फिर तो सिर्फ व्यक्ति अपना ही नहीं, वरन पूरे समाज का सत्यानाश करने पर आमादा हो जाता है
***
1990 के समय काशीराम ने विदेश सेवा की नौकरी छोड़कर बामसेफ की शुरूवात के साथ जो काम किया - वही असल काम था, हद तो तब हुई जब मायावती ने सब हड़फ लिया, कांशीराम को आखिरी दिनों में एक कमरे में बंद कर दिया और उनके परिजनों को भी उनसे मिलने नहीं दिया, बसपा पर कब्ज़ा करके अकूत धन कमाया यह सर्व विदित ही है और मायावती ने ही दलितों को बुरी तरह से बर्बाद किया, "तिलक तराजू और तलवार - इनको मारो जूते चार" जैसा नारा देकर सत्ता के पास भी पहुँची इस प्राथमिक स्कूल की मास्टरनी ने लखनऊ में अंबेडकर पार्क बनवाए पर इसका जमीनी काम एकदम शून्य था, आज देशभर में बसपा का एक नुमाइंदा नहीं और यह भाजपा की ईडी और सीबीआई के ख़ौफ़ के साये में जी रही हैं
और दिलीप मंडल से लेकर वो कँवल भारती, रामदास आठवले, दलित पैंथर के लीडर्स से लेकर तमाम दलित नेतृत्व आज दिग्भ्रमित है, जो भी थोड़े चालाक और शातिर थे, वे उच्च शिक्षा ग्रहण करके बड़े मलाईदार पदों पर बैठ गए, आरक्षण के बल पर नौकरी, प्रमोशन पाया और विदेशी विवि की कच्ची पढ़ाई करके आ गए वजीफों पर, यहां आकर "लायबिलिटी" बन गए और अब पूरे दलित समाज को गुमराह करके हिंदू वोटों में तब्दील कर दिया और संघी हो गए, बुद्धत्व ज्वाईन करने की बात करते है पर आरक्षण नहीं छोड़ना - गलत नहीं था यह भी कि चलो सबको छूट है, हो सकता है उनकी पहचान इसी से थी और वे गरीब - वंचितों और आदिवासियों को भड़काते रहें और अब ये चंद्रशेखर रावण भी भाजपा का भाग "सी" है - जो ओवैसी से हाथ मिलाकर अपना उल्लू साध रहा है, पर ऐसा होगा नहीं, ओवैसी किसी के बाप का नहीं, अमित शाह का पक्के वाला पिठ्ठू है और उप्र चुनाव में सपा के वोट काटेगा, बाकी इसकी औकात नहीं, एक वो गुजरात में आया था क्या नाम हिमेश टाईप, ससुरा गायब हो गया, एक था मक्कार कन्हैया कुमार - जब से कांग्रेस में घुसा अपनी ही आजादी भूल गया बिहारी, बहुत बड़े वाला बकलोल था ठीक वैसे ही ये रावण है और ओवैसी के समर्थक मुसलमान खुद नहीं
दरअसल में "दलितों के हिंदू हो जाने" से सारी मुसीबतें बढ़ी है, वे पलटकर नौकरी, रोजगार का नहीं पूछ रहे, शाखा में जाकर ये मृगछौने सुंदरकाण्ड, लिंचिंग, दूसरों को घरों में घुसकर फ्रीज खोल मांस मच्छी ढूंढ रहे है और भाजपा की सेवा कर रहे है सन 2014 से, रैली - धरने करना सीख गए है, सड़कों पर जो जॉम्बी है, जो अवांगार्द भीड़ है हर जगह - वो यही है - क्योंकि बामण, बनियों, ठाकुरों, यादव, साहू, गुर्जर, जाट, विश्नोई और तेली - तम्बोली के बच्चे तो पढ़ रहे, खेती कर रहे, विदेश में है, नौकरी में है या धन्धे कर रहे - विश्वास ना हो तो अपने आसपास देख लें
"ओवैसी-रावण गठबंधन" कुछ नहीं कर पायेगा और जमानत बचाना मुश्किल हो जाएगा - देख लेना
***
स्वच्छ शहरों में देवास को प्रथम स्थान मिला, धूल, धुएं और कचरे से परेशान शहर है - एक सड़क या गली ऐसी नहीं जहां आप पैदल चल सकते है, एमजी रोड से लेकर तमाम कालोनियों में और तंग बस्तियों में सफाई व्यवस्था, सेनिटेशन, नाली, मल - मूत्र, सार्वजनिक सुलभ शौचालयों की हालत, सरकारी दफ्तरों में शौचालय की बुरी स्थितियों के बावजूद शहर को प्रथम स्थान मिलना ना मात्र संदेह पैदा करता है - बल्कि सरकार और राष्ट्रपति के द्वारा दिए जा रहे पुरस्कारों की शुचिता और चयन के तरीकों पर भी गंभीर सवाल करता है
आज अग्रज श्री Rakesh Achal जी ने भी ग्वालियर के चयनित होने पर गंभीर टिप्पणी की है
लगता है साहित्य के पुरस्कारों की तरह SBM की भी अर्थी निकल चुकी है और इस परियोजना से जुड़े सारे मुफ्तखोर सलाहकार और समाजसेवी भी नगर निगमों के साथ नगरीय निकायों को गलत सलाह देकर, आंकड़ेबाजी करके और निरीक्षण के लिए आई हुई टीम को ले देकर अपने आप को गुड बुक में रखने का काम कर रहे है
आइए देवास तो दिखाता हूँ नंबर एक शहर की वास्तविक स्थिति
शर्मनाक और निंदनीय
***
एक उजाड़ याद आता है - जहां खूब कचरा सा पड़ा था, कोई रास्ता नहीं था - आप मर्जी से किसी भी कोण से घुसकर रास्ता बना सकते थे, किसी भी जगह खड़े हो सकते थे, फिर याद आता है एक गांव जहां गिनती के पेड़ बचे थे - घर तो क्या कुछ कच्चे पक्के मकान थे और उन पर सांकल लगी थी, गांव के बीचो-बीच एक ओटला था - जिस पर बांस लगे थे और ऊपर पत्तों की छत थी - जहां बुजुर्ग बैठे रहते थे - खांसते और खकार फेंकते, ओटले के चारों तरफ कुत्तों का झुंड और आवारा चौपाये, गांव का गांव हर वर्ष साल में तीन - चार बार पलायन कर जाता और ये शेष बचे बूढ़े लोग जन्मभूमि से चिपके मृत्यु की आहट सुनते बेचैन रहते
एक लम्बा रास्ता खूब पेड़ों से घिरा हुआ, आसपास पेड़ और इस रास्ते के दोनों ओर छोटी - छोटी पहाड़ियां इसे मराठी में डूंगर कहते है, दूर कही झोपड़ी और उनकी छतों से निकलता कच्चा धुआँ, रस्सियों पर सूखते कपड़े जो दूर से झंडों की तरह नजर आते थे, कुछ मनुष्य नुमा आकृतियां नजर आती जो चलती - फिरती रहती थी और अक्सर काम ही करते दिखती थी, कभी समूह में कभी अकेले पर आवाजों के दर्द नहीं थे और मुस्कुराहटों का नशा कोसों दूर रहता अक्सर इन जगहों से
कुछ लोग याद आते है - जिनकी आंखों में सपने हुआ करते थे, जिनकी आंखों में अबूझ प्रश्न हुआ करते थे और वे अक्सर अपने प्रश्नों के उत्तर खोजने के लिए कभी दुख से भर जाते और कभी अचानक रोने लगते थे, कोई ना देखता - ना सुनता, उनकी बेबसी और उनके अफसाने याद आते हैं - जब मैं घर पर अकेला होता हूँ और देर रात छत पर घूमता रहता हूँ - तब समझ में आता है कि लोग कैसे होते हैं, पर इस सबके बावजूद भी जब उनके बीच मै कभी उनके गांव में उनके साथ रुकता तो सर्द रातों में जलती हुई लकड़ी के पास बैठकर वे झूमकर गाते थे, उनके पांव थिरकने लगते थे, सुगठित शरीर की षोडशी सुकन्याएँ गेहूँये रंग के चेहरे के साथ गोल - गोल घूमते हुए नाचती तो मानो पृथ्वी भी झूमने लगती और मुझे लगता था मौसम तो लोग बदलते हैं - प्रकृति का इसमें कोई रोल नहीं होता
वो खेत, सूखी हुई नदियां, शुष्क कुऐं, खेतों की लंबी - लंबी मेढ़, जिनपर बैठकर बुजुर्ग शहरों की ओर चले गए युवा परिजनों को याद करते, गांवों के सूने घरों में एकल स्त्रियों का क्रंदन याद आता है तो सोते हुए जाग जाता हूँ और जोरों से रोने लगता हूँ - क्योंकि उनके इस दुख की समानुभूति मुझमे है और शायद अपने - आपको भी ऐसे ही किसी छायाचित्र में एक मिट चुके चरित्र की तरह देखता हूँ - जो किसी की बाट जोह रहा है, यह जानते हुए भी इस द्वार पर कोई नहीं आयेगा दरवाज़ा खटखटाने और एक दिन सब चुपके से खत्म हो जायेगा
देह की अंतिम यात्रा को कई - कई प्रकार से देखा और समझा है फिर वो जलाने की परंपरा हो, दफनाने की, जंगल में ले जाकर बगैर किसी को बताए खत्म कर देने की, कुएँ की झीर में पानी के जानवरों के लिए छोड़ देने की, नदी में अधजली लाश बहा देने की, अघोरियों के पास खाने के लिए छोड़ देने की, समुद्र में ज्वार भाटा के समय छोड़ देने की, मणिकर्णिका के घाट पर बरसात में गंगा और बारिश की बूंदों में भीगती लकड़ियों के बीच जलती लाश की दुर्गंध या अपने शहर में नाच गाने के साथ मीठा भोजन और फिर मौत को उत्सव के रूप में मनाकर कच्ची शराब पीकर धुत्त होते लोगों की मस्ती
लगता है यह सब ही शेष है - स्मृतियों की सम्पदा में और इसी के साथ जीना सीखना होगा, बस कभी - कभी बहुत परेशान हो जाता हूँ कि उन सड़कों , खेतों और गांवों - शहरों के नाम याद नहीं आते कि वो क्या जगह थी, अपनी स्मृति पर बहुत गर्व था कि सब नाम या विवरण याद रहते हैं पर अब संभवतः ईश्वर ने आहिस्ता - आहिस्ता छीनना शुरू कर दिया, मंदिर, ओटले, मस्जिदें, टूटे हुए चर्च, चैपल, छोटे से गुरुद्वारों के हॉल, खुले हुए चौबारों पर स्थापित लोक देवता, किंवदंतियां, किस्से और कहानियां, चमत्कार, फादर , बिशप के प्रवचन, भागवत, इज्तिमा, गुरू पर्व और अगियारी घरों की पवित्र अग्नि - सब आसपास ही रहता है, यह सब सोच सोचकर ही पगला जाता हूँ
स्मृति विलोप मनुष्य के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव है और शायद यहां तक आने के लिए जो सोपान पार करने होते है उसके शीर्ष की ओर उन्मुख हूँ
***
अब्बी एक राष्ट्रप्रेमी स्वयंसेवक का फोन आया, बोला दादा ऐसा है कि - "मैं के रिया था गुरू जी, हेडगेवार जी ने तो सब राष्ट्रभाषा में लिखा, और अंबेडकर, नेहरू, गांधी भी इंग्रजी में इज़ लिखते थे, अब जे इटली वाली विदेशी औरत ने भी इंग्रजी में लिखा है, और अनुवाद भी नहीं आया गीता प्रेस से अभी तक, तो फिर आप ही हिंदी - मराठी में सरल अनुवाद कर दें, या कुछ मोटा - मोटा मसालेदार निकाल दें, हम तरी डालकर सब्जी बना लेंगे, आपको यश और पुण्य मिलेगा और अपने हिंदू भाई, सभी प्रचारक और स्वयंसेवक भी पढ़ लेंगे, एक बार मोदी, अमित शाह, योगी भी पढ़ ले तो फिर हम सब संयुक्त रूप से देशभर में आग &₹#@ शुरू करें और विरोध की रैली निकालें, बो का है कि जू पी में चुनाव है तो कुछ मसाला मिल जाएगा"
"भैया, हम हिंदू भाई लोग चंदा करके एक प्रति या दरियागंज से पाईल्स वाली (अर्थात पायरेटेड - उसे बोलना नहीं आता था या शब्द नहीं मालूम था) भिजवा देते है, फटाफट कर दीजिए"
मित्रों दुविधा में हूँ, ससुरे फ्री में करवाएंगे - क्योंकि टुकड़े तोडू है, फोकट की आदत है सदी पुरानी, तो क्या करूं ? सलाह मशविरा और ज्ञान आमंत्रित है
***

Comments

Popular posts from this blog

हमें सत्य के शिवालो की और ले चलो

आभा निवसरकर "एक गीत ढूंढ रही हूं... किसी के पास हो तो बताएं.. अज्ञान के अंधेरों से हमें ज्ञान के उजालों की ओर ले चलो... असत्य की दीवारों से हमें सत्य के शिवालों की ओर ले चलो.....हम की मर्यादा न तोड़े एक सीमा में रहें ना करें अन्याय औरों पर न औरों का सहें नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." मैंने भी ये गीत चित्रकूट विवि से बी एड करते समय मेरी सहपाठिन जो छिंदवाडा से थी के मुह से सुना था मुझे सिर्फ यही पंक्तिया याद है " नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." बस बहुत सालो से खोज जारी है वो सहपाठिन शिशु मंदिर में पढाती थी शायद किसी दीदी या अचार जी को याद हो........? अगर मिले तो यहाँ जरूर पोस्ट करना अदभुत स्वर थे और शब्द तो बहुत ही सुन्दर थे..... "सब दुखो के जहर का एक ही इलाज है या तो ये अज्ञानता अपनी या तो ये अभिमान है....नफरतो के जहर से प्रेम के प्यालो की और ले चलो........"ये भी याद आया कमाल है मेरी हार्ड डिस्क बही भी काम कर रही है ........आज सन १९९१-९२ की बातें याद आ गयी बरबस और सतना की यादें और मेरी एक कहानी "सत...

अदम गोंडवी की ग़ज़लें

अदम गोंडवी की ग़ज़लें............हिन्दुस्तान ने एक शायर ही नहीं खोया बल्कि एक मुकम्मिल इंसान खो दिया है जो लोगो से लोगो की बात कराता था.............और बस इसी तरह से लड़ते भिडते और मौत से भी जीत गया वो........किसी से मदद की गुहार नहीं लगाई और किसी का मोहताज भी नहीं रहा धन्य है ऐसे अदम गोंडवी और धन्य है उनकी धारदार लेखनी.........नमन......... काजू भुने प्लेट में, व्हिस्की गिलास मे उतरा है रामराज विधायक निवास में पक्के समाजवादी हैं, तस्कर हों या डकैत इतना असर है ख़ादी के उजले लिबास में आजादी का वो जश्न मनायें तो किस तरह जो आ गए फुटपाथ पर घर की तलाश में पैसे से आप चाहें तो सरकार गिरा दें संसद बदल गयी है यहाँ की नख़ास में जनता के पास एक ही चारा है बगावत यह बात कह रहा हूँ मैं होशो-हवास में 000 मुक्तिकामी चेतना अभ्यर्थना इतिहास की यह समझदारों की दुनिया है विरोधाभास की आप कहते हैं इसे जिस देश का स्वर्णिम अतीत वो कहानी है महज़ प्रतिरोध की, संत्रास की यक्ष प्रश्नों में उलझ कर रह गई बूढ़ी सदी ये परीक्षा की घड़ी है क्या हमारे व्यास की? इस व्यवस्था ने नई पीढ़ी को आखिर क्या दिया सेक्स की रंगीनियाँ या ...

Ekant ki Akulahat Feb 2020

1 एक   दीवार   है   जो   गाढ़ी   नीली   रँगी   है   जब   कमरा   बना   था   तो   इस   पिछली   दीवार   को   गाढ़ा   नीला   रंग   लगाया   था ,  ठीक   पिछले   पड़ोसी   की   दीवार   से   लगकर   इसे   कांक्रीट   की   छत   पर   उठाया   था   जो   अब   इस   कमरे   की   जमीन   बन   गई   है तीन   हल्के   नीले   रंगों   के   बीच   गाढ़े   रँगीले   नीले   रंग   पर   एक   छोटा   सा   बल्ब   भी   टांग   रखा   है   वो   भी   गहरा   नीला   है   सिर्फ   उजाले   से   ही   नही   बल्कि   अपने   होने   से   भी   -   बहुत   पहले   ,  शायद   बरसो   कोई   एक   नीला   शर्ट  ...