Skip to main content

नश्वर संसार के हम भुक्तभोगी 9 Jan 2020

नश्वर संसार के हम भुक्तभोगी

Image may contain: 1 person


स्व रामचन्द्र नाईक को आज ही एक सौ दस बरस हुए थे पैदा हुए, 1911 में दादाजी जन्में थे और वे 85 की उम्र में गुजर गए , जीवन के संयोग भी अजीब होते है - उनकी बड़ी बेटी लीला जो 1934 में पैदा हुई थी, आज से ठीक तेरह दिन पहले यह संसार छोड़कर चली गई - यह संयोग की आज वे अपनी बेटी से कही मिलें होंगे और सुख दुख की बात कर हम सबके बारे में भी पूछा होगा
आज उज्जैन में रामचन्द्र नाईक का कुनबा जो एक भीड़ हुआ करता था, आज जब तेरहवीं की रस्में अदाकर अपनी श्रद्धाजंलि दे रहा था तो मात्र तेरह लोग ही उपस्थित थे, समय, शहरों की दूरियाँ, नौकरी, काम के दबाव और चाहने के बाद भी उपस्थित ना होने की पीड़ा, अवसाद वहाँ अनुपस्थितों के बहाने तैर रही थी
बुआ सबसे बड़ी थी फिर पिता थे, दोनों ने दसवीं करते ही नौकरियां शुरू की कि छोटे भाई बहनों को पढ़ाना है और मरने तक लगे रहें, पिताजी यहाँ वहाँ और बुआ शादी के बाद परदेशीपुरा इंदौर के स्कूल में, सबको पढ़ाया, लायक बनाया और शादी ब्याह किये छोटों के
बुआ का बेटा बरसों पहले मुम्बई चला गया था और वही उलझकर रह गया, बड़े शहर लील जाते है रिश्ते - नाते और भावनाएं पर फिर भी वो अभी तक जुड़ा है सबसे और सहोदर से ज़्यादा प्यार है हम सब भाई बहनों में, बुआ भी मुम्बई चली गई थी आखिरी बार 2009 में आई थी इंदौर पर जब भी मुंबई जाता तो कहती ”इंदौर आऊंगी तो देवास भी आऊंगी, झब्बू, रमी, सत्ती लगाओ खेलेंगे और खूब गप्प करेंगे" पर हमारा सोचा कुछ हो पाता है क्या जीवन में कभी
हमारी पीढ़ी की बड़ी बहन आज चित्रा मंदसौर से अकेले आ गई बस से, उसका हीमोग्लोबिन 4 हो गया था, चेहरे पर सूजन पर बोली "बड़ी माऊशी थी - आज नही आती तो फिर कब आती", छोटी बुआ , फूफ़ा, दो चाचियां , बहन टीना, दामाद और एक चाचा भी हम भाईयों के साथ मौजूद थे
परिवार कब बड़े होकर सिमटने लगते है मालूम नही पड़ता, दादाजी का इतना बड़ा कुनबा था और महू के घर में एक कमरा नीचे, एक ऊपर था और आंगन - कभी जगह कम नही पड़ी, दादी के बाद माँ ने सम्हाला खानदान, माँ के बाद बुआ ने और अब चाची के हवाले है सब निर्णय और घर के रीति रिवाज़ पर अब सब स्वतंत्र भी है - हम किसी को कुछ नही पूछते अब, अपनी मर्जी के मालिक है, ख़ैर
एक जीवित व्यक्तित्व जिसने आपके होने और समझ बनाने में योगदान दिया हो उसे तस्वीर में देखना वो भी किसी हार फूल के संग साथ सिर्फ कालजयी पीड़ा ही हो सकती है कोई दूसरा नाम नही दिया जा सकता; उन आँखों को, स्निग्ध मुस्कान को और सदा के लिए खामोश हो गए होठों को देखकर ही हम चुप हो जाते है
पूरे कार्यक्रम के बाद जब हम कौटुम्बिक लोग बिछड़ रहें थे तो अनगिनत मौतों की दस्तक में मुझे दादाजी, दादी, पिताजी, विभाकर काका, मन्या काका, शांति आत्या, माँ, भाई, भोपाल वाले फूफाजी, नानी, मामा, मामी, मौसाजी और इस बुआ के संग कई चचेरे - ममेरे चेहरे झाँकते नजर आ रहें थे - उज्जैन का रामघाट, चावल और आटे के पिंड, क्रिया विधान और वो सब रस्में जिन्हें मैं मानता ही नही पर लोक परम्परा में हम निभाते जाते है, तेरहवीं का मीठा भोजन खाते कितने निर्लज्ज हो जाते है हम
एक कहानी के खत्म होने से संसार नही रुकता पर पीछे छूट गए लोग सच में वंदनीय ही हो जाते है - जो स्मृतियों के दंश और पीड़ा झेलकर सब कुछ भूलाते हुए जीवन में आगे बढ़ते है
नमन और श्रद्धांजलि

Comments

Popular posts from this blog

हमें सत्य के शिवालो की और ले चलो

आभा निवसरकर "एक गीत ढूंढ रही हूं... किसी के पास हो तो बताएं.. अज्ञान के अंधेरों से हमें ज्ञान के उजालों की ओर ले चलो... असत्य की दीवारों से हमें सत्य के शिवालों की ओर ले चलो.....हम की मर्यादा न तोड़े एक सीमा में रहें ना करें अन्याय औरों पर न औरों का सहें नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." मैंने भी ये गीत चित्रकूट विवि से बी एड करते समय मेरी सहपाठिन जो छिंदवाडा से थी के मुह से सुना था मुझे सिर्फ यही पंक्तिया याद है " नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." बस बहुत सालो से खोज जारी है वो सहपाठिन शिशु मंदिर में पढाती थी शायद किसी दीदी या अचार जी को याद हो........? अगर मिले तो यहाँ जरूर पोस्ट करना अदभुत स्वर थे और शब्द तो बहुत ही सुन्दर थे..... "सब दुखो के जहर का एक ही इलाज है या तो ये अज्ञानता अपनी या तो ये अभिमान है....नफरतो के जहर से प्रेम के प्यालो की और ले चलो........"ये भी याद आया कमाल है मेरी हार्ड डिस्क बही भी काम कर रही है ........आज सन १९९१-९२ की बातें याद आ गयी बरबस और सतना की यादें और मेरी एक कहानी "सत...

हमारी भागदौड़ में कोई कमी हो तो बताओ

एक जंगल था। उसमें में हर तरह के जानवर रहते थे। एक दिन जंगल के राजा का चुनाव हुआ। जानवरों ने शेर को छोड़कर एक बन्दर को राजा बना दिया। एक दिन शेर बकरी के बच्चे को उठा के ले गया। बकरी बन्दर राजा के पास गई और अपने बच्चे को छुड़ाने की मदद मांगी।बन्दर शेर की गुफा के पास गया और गुफा में बच्चे को देखा, पर अन्दर जाने की हिम्मत नहीं हुई। बन्दर राजा गुफा के पेड़ो पर उछाल लगाता रहा.. कई दिन ऐसे ही उछाल कूद में गुजर गए। तब एक दिन बकरी ने जाके पूछा .." राजा जी मेरा बच्चा कब लाओगे.. ?" इस बन्दर राजा तिलमिलाते हुए बोले "-: .. . . . हमारी भागदौड़ में कोई कमी हो तो बताओ "

आशिक की है बारात - जरा झूमके निकले. 27 April 2017

भौंडी आवाज में गरीब बैंड वालों को गवाने वालों, ढोल और ताशों से दूसरों का चैन छिनने वालों, सड़कों पर घटिया नाच कर ट्रैफिक जाम करने वालों - जाओ तुम्हे श्राप देता हूँ कि तुम्हारे वैवाहिक जीवन मे इससे ज्यादा कलह और शोर हो, तुम्हारी जीवन गाड़ी हमेंशा किसी ट्रैफिक में दबकर सिसकती रहें और तुम अपनी घरवाली के ढोल ताशों पर ताउम्र नाचते रहो और कोई एक चवन्नी भी ना लुटाएं, तुम्हारे जीवन मे बिजली ना आये और ऐसा अंधेरा छा जाएं कि तुम एक जुगनू के लिए तरस जाओ। शादी कर रहे हो तो क्या किसी के बाप  पर एहसान कर रहे हो - साला रात रात भर पुट्ठे हिलाकर नाचते हो और दूसरों की नींद हराम करते हो, बारात में घण्टों सड़कों पर मटकते रहते हो, तुम्हारी शादी क्या इतिहास में पहली बार हो रही ? साला अपना जीवन तो नर्क बनाओगे ही शादी के बाद - उसके मातम में हम सबको क्यों लपेटे में लेते हो ? और प्रशासन , पुलिस खींसे निपोरकर नाचते लौंडों और पसीने में नहाती औरतों को घूरकर मजे से देखती रहती है कि कही कुछ दिख जाए, सड़क पर और छतों पर खड़े लोग काल भैरव को मन्नत करते है कि कुछ सामान दिख जाए तो दिन बन जाएं - इन सब बारातियों...