Skip to main content

पिता तुम बहुत याद आ रहे हो.........इस कड़ी होती जा रही धूप में...


माँ बताती थी कि पिताजी की पहली सरकारी नौकरी छैगांव माखन में लगी थी...........वैसे तो साठ रूपये माहवार पर सिंधिया स्टेट में गये थे मास्टर बनकर क्योकि मेट्रिक के बाद नौकरी करना जरूरी था, पर वे जल्द ही छोड़कर आ गये थे, मुरार और लश्कर में हालात ठीक नहीं थे उन दिनों. यह सरकारी नौकरी थी और नब्बे ढाई सौ के वेतनमान में वे महू से खंडवा जाते और फ़िर खंडवा से सायकल लेक छैगांव माखन तक. आज यह गाँव कितना बदल गया है एक तरह से कहूँ तो हाई वे है और सारी सुविधाओं से लैस पर क्या बदला है यहाँ ? मै खोज रहा हूँ कि कोई तो स्मृति मिल जाये मेरे पिता की, कोई तो गंध मुझे मिल जाये, मै समझना चाहता हूँ  कि कैसे घर से दूर रहकर किन अभावों में वे यहाँ रहे होंगे, कैसे जीते होंगे, क्या खाते होंगे, यह जो चकाचौंध जो आज है वो उस समय तो नहीं थी, सिर्फ पूर्वी निमाड की तेज झुलसने वाली गर्मी और पानी का अकाल, कपास और लाल मिर्च की खेती, बेहद पिछडापन और अल्प वेतन.......घर आने में वो छः माह लगा देते थे, माँ कहती थी कि सारा वेतन दादी को देकर अपने लिए चंद रूपये रख लेते थे एक समय का खाना और जी तोड़ मेहनत करके जीवन जीने का उपक्रम करते थे. इसी छैगांव माखन में मेरे पिता की स्मृतियाँ है.........मै खोज रहा हूँ यहाँ -वहाँ पर कोई गंध मुझे भाती नहीं है, कोई ऐसा शख्स नजर नहीं आता जो मुझे साठ के दशक की कोई भी बात सकें, मै पागलों की तरह से गली-गली घूम रहा हूँ, खोज रहा हूँ एक भला मानुष जो किसी किस्सागो की तरह से उस जमाने की याद दिला दें उन यादों के गलियारों से मै चुनना चाहता हूँ वो सब जो मुझे पिता के संघर्ष की एक बानगी दे दें, मै आज यहाँ से जब गुजर रहा हूँ तो सुस्ता रहा हूँ - एक झीनी- झीनी छाँह में जो मुझे कही से पिता की याद दिलाती है, मै आज पिता बनकर उस संघर्ष को जीना चाहता हूँ, मै समझना चाहता हूँ कि दुर्दैव  के दिन क्या होते है, कैसे जीवन अभावों में पलता है और किन अच्छे दिनों की आशा में हम अपना सबसे महत्वपूर्ण समय गंवा देते है और कैसे संघर्ष में घिसकर हम एक बेहतरीन इंसान होने की  ओर तिल - तिल बढ़ते है........ इस पूरी लडाए के मायने क्या है, क्या संघर्ष कभी सफल होते है..........??? यह पूर्वी निमाड का सूरज आज भी उतना ही तप रहा है, आम के पेड़ों पर कही बौर नजर नहीं आते, पानी की एक बूँद के लिए आज भी मारम्मार है और शायद दूर कही किसी कोने में बैठा आदमी मुझे एहसास दिला रहा है कि वो शायद मेरे पिता के मानिंद ही है जो कड़ी धूप में माथे पर सिलवटों का पसीना पोछता हुआ एक बार फ़िर से पूरी ताकत लगाकर खडा होता है....... चल देता है........ ठीक सूरज के सामने मुँह करके, पुरे जमाने को मानो फ़िर से आज परास्त कर देगा और बचा लेगा अपने बच्चों के लिए एक दुनिया.............मै उसका पीछा कर रहा हूँ देखना है कि यह आज क्या बचा पायेगा.....पिता तुम बहुत याद आ रहे हो.........इस कड़ी होती जा रही धूप में...
— in Khandwa, Madhya Pradesh.

Comments

Popular posts from this blog

हमें सत्य के शिवालो की और ले चलो

आभा निवसरकर "एक गीत ढूंढ रही हूं... किसी के पास हो तो बताएं.. अज्ञान के अंधेरों से हमें ज्ञान के उजालों की ओर ले चलो... असत्य की दीवारों से हमें सत्य के शिवालों की ओर ले चलो.....हम की मर्यादा न तोड़े एक सीमा में रहें ना करें अन्याय औरों पर न औरों का सहें नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." मैंने भी ये गीत चित्रकूट विवि से बी एड करते समय मेरी सहपाठिन जो छिंदवाडा से थी के मुह से सुना था मुझे सिर्फ यही पंक्तिया याद है " नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." बस बहुत सालो से खोज जारी है वो सहपाठिन शिशु मंदिर में पढाती थी शायद किसी दीदी या अचार जी को याद हो........? अगर मिले तो यहाँ जरूर पोस्ट करना अदभुत स्वर थे और शब्द तो बहुत ही सुन्दर थे..... "सब दुखो के जहर का एक ही इलाज है या तो ये अज्ञानता अपनी या तो ये अभिमान है....नफरतो के जहर से प्रेम के प्यालो की और ले चलो........"ये भी याद आया कमाल है मेरी हार्ड डिस्क बही भी काम कर रही है ........आज सन १९९१-९२ की बातें याद आ गयी बरबस और सतना की यादें और मेरी एक कहानी "सत...

आशिक की है बारात - जरा झूमके निकले. 27 April 2017

भौंडी आवाज में गरीब बैंड वालों को गवाने वालों, ढोल और ताशों से दूसरों का चैन छिनने वालों, सड़कों पर घटिया नाच कर ट्रैफिक जाम करने वालों - जाओ तुम्हे श्राप देता हूँ कि तुम्हारे वैवाहिक जीवन मे इससे ज्यादा कलह और शोर हो, तुम्हारी जीवन गाड़ी हमेंशा किसी ट्रैफिक में दबकर सिसकती रहें और तुम अपनी घरवाली के ढोल ताशों पर ताउम्र नाचते रहो और कोई एक चवन्नी भी ना लुटाएं, तुम्हारे जीवन मे बिजली ना आये और ऐसा अंधेरा छा जाएं कि तुम एक जुगनू के लिए तरस जाओ। शादी कर रहे हो तो क्या किसी के बाप  पर एहसान कर रहे हो - साला रात रात भर पुट्ठे हिलाकर नाचते हो और दूसरों की नींद हराम करते हो, बारात में घण्टों सड़कों पर मटकते रहते हो, तुम्हारी शादी क्या इतिहास में पहली बार हो रही ? साला अपना जीवन तो नर्क बनाओगे ही शादी के बाद - उसके मातम में हम सबको क्यों लपेटे में लेते हो ? और प्रशासन , पुलिस खींसे निपोरकर नाचते लौंडों और पसीने में नहाती औरतों को घूरकर मजे से देखती रहती है कि कही कुछ दिख जाए, सड़क पर और छतों पर खड़े लोग काल भैरव को मन्नत करते है कि कुछ सामान दिख जाए तो दिन बन जाएं - इन सब बारातियों...

सतरें जीवन के - तटस्थ Satare Jivan ke

सतरें जीवन के   जब प्रवाह में बह जाने का समय आता है, लगता है कि अब सब खत्म हो ही रहा है - अचानक एक तिनका कही से तैरते हुए आ जाता है और शिद्दत से थाम लेता है यह कहकर कि धैर्य रखो, शांत हो जाओ - उजाले की किरणें छटा बिखेरेंगी जल्दी ही शाम ओस से भीगी हुई एक कविता है जिसने संसार में अपनी लय से सबको बाँध रखा है जीवन झूठ का पुलिंदा है और हम सब इसे पसंद करते है, हम सब झूठ के साम्राज्य को बनाये रखना चाहते है और इसी उपक्रम में मरने तक मेहनत करते रहते हैं, अंत में मौत का सच इसकी हवा निकाल देता है अयोग्यता ही असली धन और शांति है, जब तक अयोग्य लोग है तब तक योग्यता की असली और वीभत्स सच्चाई सामने आती रहेगी जो स्वाभाविक ना होकर ना - ना प्रकार के कृत्रिम संसाधनों से अर्जित कर सुख सम्पदा हासिल करने के लिए बेहतरीन स्वांग के साथ ओढ़ी गई है हारना और स्वीकारना हिम्मत का काम है और इसकी जड़ें बहुत गहरी होती है, अपूर्णताएँ, अकुशलताएँ और अधकचरी थोथी सूचनाएँ जीवन के उत्तरार्ध में आपको एहसास दिलाती है कि आपके सारे प्रयास, अभ्यास और चेष्टाएँ व्यर्थ है - इसलिये ख़ारिज करो अपने हर कर्म को, समझ को, देख...