Skip to main content

निर्मल सी निर्मला नही रही 9 th July 2023

निर्मल सी निर्मला नही रही
•••••
देवास जिला 1960 में बना शायद और जिले की पहली कलेक्टर रही निर्मला यादव बनी और बाद में महेश नीलकंठ बुच से शादी होने के बाद वे निर्मला बुच बनी
मप्र की पहली मुख्य सचिव रही श्रीमती निर्मला बुच का आज सुबह निधन हो गया - यह दुखद खबर अभी मिली है
निर्मला जी से लम्बा सम्बंध रहा और जब मैं हंगर प्रोजेक्ट का राज्य समन्यवक था - 2005 से 2009 तक, तो अक्सर उनसे भोपाल में मुलाकात हो जाती थी, दो बच्चों से ज़्यादा वाले लोग पंचायत में चुनाव नही लड़ सकते थे, यह तत्कालीन पंचायती राज अधिनियम में प्रावधान था और इसका सबसे ज़्यादा असर महिलाओं और पड़ रहा था: निर्मला जी से मैंने बात की और उन्हें जमीनी स्थिति से अवगत कराया चार - पांच केस स्टडीज बताई जो आष्टा, सतना और झाबुआ जिले की थी, तो उन्होंने तत्काल एक अध्ययन करने का सुझाव दिया और फिर हमने मिलकर यानी उनकी संस्था महिला चेतना मंच और हमने मिलकर वो प्रभावी अध्ययन किया, किताब छापी और जगह जगह सेमिनार किये, पोस्टकार्ड अभियान चलाया, मुख्य मंत्री से मिलें और एक लम्बी पैरवी के बाद अंत में 2006 में वह प्रावधान हटाया गया मप्र पंचायती राज अधिनियम से
लम्बे प्रशासनिक अनुभव के बाद वे जब एनजीओ में उतरी तो अपने सम्बन्धों और अनुभवों का उन्होंने भरपूर लाभ लिया, प्रदेश के दूर दराज के इलाकों में बहुत जमीनी काम किया, पशु पालन, डेरी की स्थापना जगह - जगह करना से लेकर महिला सशक्तिकरण तक का, जब उनके दफ्तर जाता पहले सूचना दो, जब पहुँचो तो स्वागत करती मुस्कुराकर दरवाजे पर आकर अंदर ले जाती और "चाय, कुछ नाश्ता फिर काम की बात - कोई भी काम हो, कहती तुम एक आवेदन दे दो, मैं रश्मि (सारस्वत) को कह देती हूँ, आने की जरूरत हो तो बता देना - आ जाऊँगी" और मैं कहता अब तो आवेदन और नोटशीट को बख्श दीजिये, पर कहती आदत वही है जायेगी नही और हम मुस्कुरा देते
बस यही पर्याप्त होता था, हमारे पास उन दिनों एलसीडी प्रोजेक्टर नही होता था, भोपाल में चुनिंदा एनजीओ के पास ही होता था और मैं उनसे मांगने चला जाता था, वो हंसकर कहती अगर खराब हुआ तो पूरे पैसे वसुलूँगी, कई गोष्ठियों और किताबें लिखने में अक्सर शामिल रहती, उनका और दूसरा, पूर्व मुख्य सचिव श्री शरद चन्द्र बेहार का जितना सहयोग मुझे पंचायती राज में काम करने का मिला, खासकरके महिला जन प्रतिनिधियों के सशक्तिकरण का उतना किसी का नही, बहुत बारीकी से इन दो मुख्य सचिवों से काम को सीखा और समझा कि प्रशासन कैसे काम करता है जो बाद में बहुत काम आया जब मैं राज्य योजना आयोग में था
देवास से उनका नाता लम्बे समय तक रहा, हमारी महिला पंच - सरपंच के प्रशिक्षण में आती और पूर्व विधायक सोलंकी जी के यहाँ मुझे ले जाती कि "चल तेरी पहचान करा देती हूँ, भले आदमी है" और मैं हंसता कि उनसे तो पारिवारिक रिश्ता है
2015 में भोपाल छोड़ दिया था, इंदौर या उज्जैन जाते हुए इधर से निकलती तो कहती "सर्किट हाउस आ जा, पोहा खाते है संग साथ, तेरा घर नही ढूंढ सकती, देवास बदल गया बहुत अब कहाँ 1960 और कहाँ यह नई सदी" - स्नेहिल, सख्त और नियम - कायदों की पक्की महिला जो रिटायर्डमेन्ट के बाद भी काम करती रही, अपने पति महेश नीलकंठ बुच के जाने के बाद अकेली रह गई थी पर फिर भी लगी रही आख़िर तक
बिरली पीढ़ी की अविश्वसनीय प्रशासनिक अधिकारी थी और जिस मिज़ाज़ से उन्होंने पहली महिला मुख्य सचिव का दायित्व निभाया था उसकी यादें मप्र के प्रशासनिक गलियारों में सदैव बनी रहेंगी
आर सी पी वी नरोन्हा, निर्मला बुच आदि जैसे अधिकारियों ने मप्र को सजाया और सँवारा है उनकी सूझबूझ और दूरदर्शिता ने ही बगैर किसी आर्थिक लालच और राजनैतिक दबाव के बेहतरीन काम किया, बाद में श्री शरद चन्द्र बेहार में वो तेवर दिखते है, बहुत सख्त होने से ये लोग विवादित भी रहें पर नियम कायदों से बंधे इन लोगों ने ज़मीनी स्तर पर प्रशासन करने का मार्ग पुख़्ता किया - यह कहने में मुझे कोई संकोच नही है
निर्मला बुच जी को श्रद्धांजलि, सादर नमन और जोहार
10 July 2023 Subah Sawere

Comments

Popular posts from this blog

हमें सत्य के शिवालो की और ले चलो

आभा निवसरकर "एक गीत ढूंढ रही हूं... किसी के पास हो तो बताएं.. अज्ञान के अंधेरों से हमें ज्ञान के उजालों की ओर ले चलो... असत्य की दीवारों से हमें सत्य के शिवालों की ओर ले चलो.....हम की मर्यादा न तोड़े एक सीमा में रहें ना करें अन्याय औरों पर न औरों का सहें नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." मैंने भी ये गीत चित्रकूट विवि से बी एड करते समय मेरी सहपाठिन जो छिंदवाडा से थी के मुह से सुना था मुझे सिर्फ यही पंक्तिया याद है " नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." बस बहुत सालो से खोज जारी है वो सहपाठिन शिशु मंदिर में पढाती थी शायद किसी दीदी या अचार जी को याद हो........? अगर मिले तो यहाँ जरूर पोस्ट करना अदभुत स्वर थे और शब्द तो बहुत ही सुन्दर थे..... "सब दुखो के जहर का एक ही इलाज है या तो ये अज्ञानता अपनी या तो ये अभिमान है....नफरतो के जहर से प्रेम के प्यालो की और ले चलो........"ये भी याद आया कमाल है मेरी हार्ड डिस्क बही भी काम कर रही है ........आज सन १९९१-९२ की बातें याद आ गयी बरबस और सतना की यादें और मेरी एक कहानी "सत...

Rest in Peace Dr BK Pasi, You will be Remembered Always

नमन डा बी के पासी सन 1991-92 का साल था , एम ए अंग्रेज़ी में करने के बाद कुछ और पढ़ा जाए इस बात की इच्छा थी लिहाजा सोचा कि पीएच डी करने में तो समय लगेगा क्यों ना एम फिल कर लिया जाए, इंदौर के देवी अहिल्या विवि में थोड़ा परिचय था, स्याग भाई ( डा रामनारायण स्याग ) ने ताजा ताजा शोध पूरा किया था और शिक्षा विभाग में अक्सर आना जाना होता था, देवास की मीना बुद्धिसागर उन दिनों वहा शोध के लिए पंजीकृत हुई ही थी, डा उमेश वशिष्ठ, डा सुशील त्यागी, डा छाया गोयल और डा देवराज गोयल से परिचय था ही, सो सोचा कि क्यों ना यहाँ कुछ पढाई की संभावनाएं टटोली जाएँ. सीधा जाकर डा बी के पासी से मिला तो उन्होंने अपने चिर परिचित अंदाज में कहा क्या करेगा अब पढ़कर और इतना अच्छा काम कर रहा है तो अब क्या करना है फिर मैंने जिद की तो उन्होंने कहा कि थोड़ा ठहर जा मै एक नया पाठ्यक्रम शुरू कर रहा हूँ भविष्य अध्ययन मान्यता के लिए प्रकरण यु जी सी गया है आते ही सूचना करूंगा. बात आई गयी हो गयी, एक दिन बैतूल में गया हुआ था एक शिक्षक प्रशिक्षण में था तो डा पासी का फोन घर पहुंचा और कहा कि तुरंत मिलने को बुलाया है. मै आते ही ...

आशिक की है बारात - जरा झूमके निकले. 27 April 2017

भौंडी आवाज में गरीब बैंड वालों को गवाने वालों, ढोल और ताशों से दूसरों का चैन छिनने वालों, सड़कों पर घटिया नाच कर ट्रैफिक जाम करने वालों - जाओ तुम्हे श्राप देता हूँ कि तुम्हारे वैवाहिक जीवन मे इससे ज्यादा कलह और शोर हो, तुम्हारी जीवन गाड़ी हमेंशा किसी ट्रैफिक में दबकर सिसकती रहें और तुम अपनी घरवाली के ढोल ताशों पर ताउम्र नाचते रहो और कोई एक चवन्नी भी ना लुटाएं, तुम्हारे जीवन मे बिजली ना आये और ऐसा अंधेरा छा जाएं कि तुम एक जुगनू के लिए तरस जाओ। शादी कर रहे हो तो क्या किसी के बाप  पर एहसान कर रहे हो - साला रात रात भर पुट्ठे हिलाकर नाचते हो और दूसरों की नींद हराम करते हो, बारात में घण्टों सड़कों पर मटकते रहते हो, तुम्हारी शादी क्या इतिहास में पहली बार हो रही ? साला अपना जीवन तो नर्क बनाओगे ही शादी के बाद - उसके मातम में हम सबको क्यों लपेटे में लेते हो ? और प्रशासन , पुलिस खींसे निपोरकर नाचते लौंडों और पसीने में नहाती औरतों को घूरकर मजे से देखती रहती है कि कही कुछ दिख जाए, सड़क पर और छतों पर खड़े लोग काल भैरव को मन्नत करते है कि कुछ सामान दिख जाए तो दिन बन जाएं - इन सब बारातियों...