Skip to main content

बादल घुमड़ते है, गर्जना में याद आते हो - चन्द्रकान्त देवताले, Post of 21 August 2022

 || बादल घुमड़ते है, गर्जना में याद आते हो ||

उज्जैन जाओ तो चन्द्रकान्त देवताले जी की याद आती है, अभी बीच में उस कचोरी वाले की दुकान तरफ से निकला - जहां वे ले जाते थे हाथ से खींचकर, कमल ताई के जाने के बाद एकदम अकेले हो गए थे और कोई जाता मिलने तो बच्चों से खुश हो जाते, हम लोगों ने उनके साथ इतना महत्वपूर्ण समय बीताया और जीतेन्द्र श्रीवास्तव से लेकर मदन कश्यप जी आदि जैसे कई मित्रों और वरिष्ठ साथियों को लेकर उनके घर गए है, उनके पीछे हिंदी के वरिष्ठजन कहते थे उज्जैन के कि "सूर्योदय हो गया और लकड़बग्गा हंस रहा है"
पिछले दिनों उसी घर की तरफ से निकला तो मन भर आया - थोड़ी देर बाहर खड़ा होकर निहारता रहा, उनके पाले ढेर कुत्ते बैठे थे बाहर - उदास और ऊँघते अनमने से, लोहे का दरवाज़ा सूना पड़ा था, पौधों की हरियाली पीले जर्द पत्तों में बदल रही थी और उस पतरे के शेड तले किताबों का अंबार नजर नही आ रहा था, मेरे पास उनका दिया जामुन और कई पौधे है जो अब बड़े हो रहें है
उस दिन मुझे लगा कि वे अभी बाहर आएंगे और कहेंगे कि "संदीप, अंदर नही आये तो पाप लगेगा, आओ बैठो देखो यह तुकाराम का अभंग हिंदी में ठीक हुआ या नही, या जरा फेसबुक पर वो फोटो दिखाओ तो जो नरेश सक्सेना का है और लखनऊ में कही कविता पाठ कर रहें हैं, आई से खाना बनवा लें तुम और बहादुर लेट हो जाओगे, अभी आराम से जाना देवास है ही कितना दूर, अब खाना ख़ाकर जाओ, नीलोत्पल को फोन लगाओ बोलो कि गर्म कचौरियाँ लेते आये, जलेबी का भी बोल दो, फिर कोई नई किताब निकालते और पत्रिकाएँ बिखेर देते
अब मेरे घर मे लैंड लाइन फोन भी नही है , नही तो रात - बेरात घनघना उठता था फोन कि "हेलों, मुक्तिबोध बोल रहा हूँ, केदार बोल रहा हूँ ...." और फिर धीरे से पूछते कि समय है ना डिस्टर्ब तो नही कर रहा और खूब ठहाके लगाकर बातें करते रहते थे
यह कविता Rajesh Saxena जी ने उनका आत्मीय स्मरण करके लिखी है और इसे वही और बेहतर ढंग से समझ सकता है जिन्होंने अपने कवि के संग साथ उज्जैन और मालवे को जिया है , लम्बी - लम्बी बातचीत की है और उन ठहाकों में शामिल रहा है - जो अंत में दिल्ली में जाकर एक दिन खत्म हो गए
सावन, आषाढ़ और भादो के मौसम या दीवाली या दहकता वसन्त हो वे हमेशा याद आते है और आते रहेंगे, राजेश भाई क्या कविता है, बहुत ही बढ़िया कविता पूरी समानुभूति है इन भावनाओं से
बहरहाल, आप राजेश भाई की कविता पढ़िये
●●●
"आखिर बेटी के घर से नहीँ लौटे तुम"
______
जब भी जाते हमेशा लौट
आते थे आठ ,दस, बारह
या खूब से खूब पंद्रह दिन मे
पिछले साल भी तो
लौट आये थे पाँच दिन में
पर इस बार दिल्ली की
हवा में पता नहीँ क्या था ? कि लौटे ही नहीँ
या कि बेटी के घर से लौटना
दुनिया का सबसे
मुश्किल काम लगा ?
पर फिर तर्क लगाकर सोंचूं
तो ये उज्जैन भी तो
बेटी का ही घर है जो
सालों साल से कर रही
क्या क्या कितना कुछ
आपकी सेवा में !
क्या था इन गुजिश्ता दिनो मॆं कि हम इस शहर के बाशिन्दे
उस अंतिम लपट को भी
नहीँ देख पाये जहाँ
पानी के दरख्त पर आग
के परिंदे बसेरा करेंगे
हालंकि तुम तो
कितने ही सालों से हमें
हर चीज़ में आग बताते रहे !
जो भी हो फिलवक्त ग़मज़दा हूँ और अपनी समझ की
छोटी सी चौहद्दी में प्रेम के छाते के नीचे दुःख के पहाड़ पर खड़ा अकेला हांफते हुए
आकाश को ताक रहा हूँ
और उधर तुम इन्द्रधनुष के अपने पसंदीदा बैंजनी रंग में विलीन हो रहे हो लगातार !
◆ राजेश सक्सेना

Comments

Popular posts from this blog

हमें सत्य के शिवालो की और ले चलो

आभा निवसरकर "एक गीत ढूंढ रही हूं... किसी के पास हो तो बताएं.. अज्ञान के अंधेरों से हमें ज्ञान के उजालों की ओर ले चलो... असत्य की दीवारों से हमें सत्य के शिवालों की ओर ले चलो.....हम की मर्यादा न तोड़े एक सीमा में रहें ना करें अन्याय औरों पर न औरों का सहें नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." मैंने भी ये गीत चित्रकूट विवि से बी एड करते समय मेरी सहपाठिन जो छिंदवाडा से थी के मुह से सुना था मुझे सिर्फ यही पंक्तिया याद है " नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." बस बहुत सालो से खोज जारी है वो सहपाठिन शिशु मंदिर में पढाती थी शायद किसी दीदी या अचार जी को याद हो........? अगर मिले तो यहाँ जरूर पोस्ट करना अदभुत स्वर थे और शब्द तो बहुत ही सुन्दर थे..... "सब दुखो के जहर का एक ही इलाज है या तो ये अज्ञानता अपनी या तो ये अभिमान है....नफरतो के जहर से प्रेम के प्यालो की और ले चलो........"ये भी याद आया कमाल है मेरी हार्ड डिस्क बही भी काम कर रही है ........आज सन १९९१-९२ की बातें याद आ गयी बरबस और सतना की यादें और मेरी एक कहानी "सत...

आशिक की है बारात - जरा झूमके निकले. 27 April 2017

भौंडी आवाज में गरीब बैंड वालों को गवाने वालों, ढोल और ताशों से दूसरों का चैन छिनने वालों, सड़कों पर घटिया नाच कर ट्रैफिक जाम करने वालों - जाओ तुम्हे श्राप देता हूँ कि तुम्हारे वैवाहिक जीवन मे इससे ज्यादा कलह और शोर हो, तुम्हारी जीवन गाड़ी हमेंशा किसी ट्रैफिक में दबकर सिसकती रहें और तुम अपनी घरवाली के ढोल ताशों पर ताउम्र नाचते रहो और कोई एक चवन्नी भी ना लुटाएं, तुम्हारे जीवन मे बिजली ना आये और ऐसा अंधेरा छा जाएं कि तुम एक जुगनू के लिए तरस जाओ। शादी कर रहे हो तो क्या किसी के बाप  पर एहसान कर रहे हो - साला रात रात भर पुट्ठे हिलाकर नाचते हो और दूसरों की नींद हराम करते हो, बारात में घण्टों सड़कों पर मटकते रहते हो, तुम्हारी शादी क्या इतिहास में पहली बार हो रही ? साला अपना जीवन तो नर्क बनाओगे ही शादी के बाद - उसके मातम में हम सबको क्यों लपेटे में लेते हो ? और प्रशासन , पुलिस खींसे निपोरकर नाचते लौंडों और पसीने में नहाती औरतों को घूरकर मजे से देखती रहती है कि कही कुछ दिख जाए, सड़क पर और छतों पर खड़े लोग काल भैरव को मन्नत करते है कि कुछ सामान दिख जाए तो दिन बन जाएं - इन सब बारातियों...

सतरें जीवन के - तटस्थ Satare Jivan ke

सतरें जीवन के   जब प्रवाह में बह जाने का समय आता है, लगता है कि अब सब खत्म हो ही रहा है - अचानक एक तिनका कही से तैरते हुए आ जाता है और शिद्दत से थाम लेता है यह कहकर कि धैर्य रखो, शांत हो जाओ - उजाले की किरणें छटा बिखेरेंगी जल्दी ही शाम ओस से भीगी हुई एक कविता है जिसने संसार में अपनी लय से सबको बाँध रखा है जीवन झूठ का पुलिंदा है और हम सब इसे पसंद करते है, हम सब झूठ के साम्राज्य को बनाये रखना चाहते है और इसी उपक्रम में मरने तक मेहनत करते रहते हैं, अंत में मौत का सच इसकी हवा निकाल देता है अयोग्यता ही असली धन और शांति है, जब तक अयोग्य लोग है तब तक योग्यता की असली और वीभत्स सच्चाई सामने आती रहेगी जो स्वाभाविक ना होकर ना - ना प्रकार के कृत्रिम संसाधनों से अर्जित कर सुख सम्पदा हासिल करने के लिए बेहतरीन स्वांग के साथ ओढ़ी गई है हारना और स्वीकारना हिम्मत का काम है और इसकी जड़ें बहुत गहरी होती है, अपूर्णताएँ, अकुशलताएँ और अधकचरी थोथी सूचनाएँ जीवन के उत्तरार्ध में आपको एहसास दिलाती है कि आपके सारे प्रयास, अभ्यास और चेष्टाएँ व्यर्थ है - इसलिये ख़ारिज करो अपने हर कर्म को, समझ को, देख...