Skip to main content

सुनो ज्ञानरंजन




"सुनो ज्ञानरंजन "
******************

सुनो ज्ञानरंजन आतंकित है 
पूरा हिन्दी का संसार तुम्हारी आक्रामकता से 
और दबी है हिन्दी की कहानी तुम्हारी कहानियों से 

जाता हूँ किसी भी जलसे में साहित्य या कि 
आन्दोलन के कामरेडों या कार्यकर्ताओं के बीच तो 
निकल ही आता है प्रसंग तुम्हारा या पहल का

देवास के मानकुण्ड गाँव में प्रकाशकांत से सुना था 
पहली बार तुम्हारा नाम सन सत्तासी में और देखी थी पहल 
फिर इंदौर में विनीत तिवारी से बात की तुम्हारे बारे मे 
छपे हुए लोगों को भी अकड़ते देखा है कि 
हम पहल में छपे है मानो एक विभाजन रेखा हो 
ना छपने वालों और पहल में छपने वालों के बीच 

फिर सुना कि तुम्हारी दो चार पांच लिखी कहानियां ही 
अमर हो गयी हिन्दी के मुक्ताकाश में 
बांची गयी हर जगह, और अनुदित हुई कई कई भाषाओं में 
उदाहरण सुनकर मै हैरत में हूँ कि एक जबलपुर का आदमी जो 
आधारताल के किसी राम नगर में रहता है और 
दुनिया भर में जिसके किस्से सुनाई देते है,
कैसे घूमता होगा यह आदमी और फिर इस पर भी 
पहल छापने का मुकम्मल काम ?

पहल सम्मान और वो भी लेखक के शहर में जाकर 
उसके घर परिवार को बुलाकर, अपने विरोधियों के बीच 
सीना ठोंककर सौंप आता है, कैसा आदमी है ज्ञानरंजन 
कहते है एक कागज़ का पन्ना मुफ्त नहीं दिया किसी को 
आज जबकि अपनी किताबें और महाग्रंथ लोग बाँट रहे है
ज्ञानपीठ से लेकर मोहल्ले के सस्ते पुरस्कार के लिए  

नाम आता है हरनोट का या विंदा करंदीकर का तो जिक्र 
पहले पहल का और उससे पहले भी ज्ञानरंजन का आता है 
कि ज्ञान जी ने पहल में छापा था 'गांधी मला भेंटला' 
वैचारिक बहस के मुहावरे और प्रतिबद्ध लोगों को हांक कर 
एक समूचा आन्दोलन कैसे खडा कर लिया तुमने
जबलपुर से लेकर दुनियाभर में कहते है तेजेंद्र भी  

सुनो ज्ञानरंजन ये बताओ कैसे पढ़ लेते हो बहादुर पटेल की कविता 
छत पर अकेले बैठकर जोर जोर से और फिर धीरे से अपनी 
नजरें उठाकर ताक लेते हो खाली पडी छतों पर सुने मकान 
उस आधारताल के रामनगर वाले मकान में जहां से नर्मदा भी दूर है 
कैसे हिम्मत कर लिख देते हो लम्बी चिट्ठी आज भी 
जबकि शब्दों को विकृत कर दिया है एस एम एस और इंटरनेट ने 

सुनो ज्ञानरंजन कैसे जुटे रहे इतने साल जबलपुर में रहकर 
संसार से और अक्षर, वर्ण और वाक्यों से जोड़ जाड़कर एक 
पूरा लेखक वृन्द बना दिया हिन्दी में जो बहस में रहता है हर दम 
और हर बात के समाधान के लिए तुम्हारी ओर तकता है 
मै आतंकित हूँ ज्ञानरंजन कि कहानी की दुनिया में नाम है 
और मै बिलकुल प्रवेशद्वार पर खडा हूँ अभी अभी कोरा पन्ना लिए 

दिनेश कुशवाह से पूछता हूँ , कमला प्रसाद से भी पूछा था 
सबने कहा कि वो सांगठनिक आदमी है और पहल का पहरेदार 
भोपाल में कुमार अम्बुज जिक्र करते है तो सुभाष पन्त देहरादून में 
अर्नाकुलम में संतोष,  तो मेरठ में मनोज शर्मा, बडौदा में रमेश भाई 
हैरत होती है जब कोई कहता है कि अभी ज्ञानरंजन की चिठ्ठी आई थी, 
कल ही फोन पर बात हुई या कि अभी हैदराबाद में है  परसों लौटेंगे 
कैसे कर लेते हो, ये तो बताओ ज्ञानरंजन इतना सब और फिर समय 

चंद्रकांत देवताले भी किस्से सुनाते है और प्रभाकर माचवे भी कहते थे 
हिन्दी के जगत में इतना आतंक एक आदमी का, डरता हूँ मै 
अब कहाँ होंगे ऐसे ज्ञानरंजन और कैसे होंगे क्योकि समय निकलता जा रहा है 
अब गुर भी नहीं सिखा रहे अपने होने के, बस अपने में मगन हो 
और गुनगुना रहे हो, जोर से बुदबुदाकर क्या कहना चाहते हो क्या यह कि 
अभी हिन्दी को एक नहीं हजारों ज्ञानरंजन चाहिए 

(ज्ञानरंजन जी के लिए सादर यह कविता ) 

- संदीप नाईक 

Comments

Popular posts from this blog

हमें सत्य के शिवालो की और ले चलो

आभा निवसरकर "एक गीत ढूंढ रही हूं... किसी के पास हो तो बताएं.. अज्ञान के अंधेरों से हमें ज्ञान के उजालों की ओर ले चलो... असत्य की दीवारों से हमें सत्य के शिवालों की ओर ले चलो.....हम की मर्यादा न तोड़े एक सीमा में रहें ना करें अन्याय औरों पर न औरों का सहें नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." मैंने भी ये गीत चित्रकूट विवि से बी एड करते समय मेरी सहपाठिन जो छिंदवाडा से थी के मुह से सुना था मुझे सिर्फ यही पंक्तिया याद है " नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." बस बहुत सालो से खोज जारी है वो सहपाठिन शिशु मंदिर में पढाती थी शायद किसी दीदी या अचार जी को याद हो........? अगर मिले तो यहाँ जरूर पोस्ट करना अदभुत स्वर थे और शब्द तो बहुत ही सुन्दर थे..... "सब दुखो के जहर का एक ही इलाज है या तो ये अज्ञानता अपनी या तो ये अभिमान है....नफरतो के जहर से प्रेम के प्यालो की और ले चलो........"ये भी याद आया कमाल है मेरी हार्ड डिस्क बही भी काम कर रही है ........आज सन १९९१-९२ की बातें याद आ गयी बरबस और सतना की यादें और मेरी एक कहानी "सत...

हमारी भागदौड़ में कोई कमी हो तो बताओ

एक जंगल था। उसमें में हर तरह के जानवर रहते थे। एक दिन जंगल के राजा का चुनाव हुआ। जानवरों ने शेर को छोड़कर एक बन्दर को राजा बना दिया। एक दिन शेर बकरी के बच्चे को उठा के ले गया। बकरी बन्दर राजा के पास गई और अपने बच्चे को छुड़ाने की मदद मांगी।बन्दर शेर की गुफा के पास गया और गुफा में बच्चे को देखा, पर अन्दर जाने की हिम्मत नहीं हुई। बन्दर राजा गुफा के पेड़ो पर उछाल लगाता रहा.. कई दिन ऐसे ही उछाल कूद में गुजर गए। तब एक दिन बकरी ने जाके पूछा .." राजा जी मेरा बच्चा कब लाओगे.. ?" इस बन्दर राजा तिलमिलाते हुए बोले "-: .. . . . हमारी भागदौड़ में कोई कमी हो तो बताओ "

आशिक की है बारात - जरा झूमके निकले. 27 April 2017

भौंडी आवाज में गरीब बैंड वालों को गवाने वालों, ढोल और ताशों से दूसरों का चैन छिनने वालों, सड़कों पर घटिया नाच कर ट्रैफिक जाम करने वालों - जाओ तुम्हे श्राप देता हूँ कि तुम्हारे वैवाहिक जीवन मे इससे ज्यादा कलह और शोर हो, तुम्हारी जीवन गाड़ी हमेंशा किसी ट्रैफिक में दबकर सिसकती रहें और तुम अपनी घरवाली के ढोल ताशों पर ताउम्र नाचते रहो और कोई एक चवन्नी भी ना लुटाएं, तुम्हारे जीवन मे बिजली ना आये और ऐसा अंधेरा छा जाएं कि तुम एक जुगनू के लिए तरस जाओ। शादी कर रहे हो तो क्या किसी के बाप  पर एहसान कर रहे हो - साला रात रात भर पुट्ठे हिलाकर नाचते हो और दूसरों की नींद हराम करते हो, बारात में घण्टों सड़कों पर मटकते रहते हो, तुम्हारी शादी क्या इतिहास में पहली बार हो रही ? साला अपना जीवन तो नर्क बनाओगे ही शादी के बाद - उसके मातम में हम सबको क्यों लपेटे में लेते हो ? और प्रशासन , पुलिस खींसे निपोरकर नाचते लौंडों और पसीने में नहाती औरतों को घूरकर मजे से देखती रहती है कि कही कुछ दिख जाए, सड़क पर और छतों पर खड़े लोग काल भैरव को मन्नत करते है कि कुछ सामान दिख जाए तो दिन बन जाएं - इन सब बारातियों...