Skip to main content

कितनी पुरानी बात 24 April 2020

कितनी पुरानी बात
◆◆◆

यह तस्वीर है 1989 की - जब एक निजी विद्यालय में शिक्षक बना था, 22 साल उम्र थी - बीएससी किया था 1987 में - नौकरी कर ली क्योंकि विज्ञान एवं अंग्रेजी पढ़ाने का चस्का लग गया था और लगा था कि आत्मनिर्भर भी होना चाहिये, तीन साल भरपूर दिल लगाकर पढ़ाया 1987 से 1989 तक और इसके साथ अंग्रेजी साहित्य में एमए भी कर लिया था, बाद में बहुत स्कूल - कॉलेज में पढ़ाया,दो तीन जगह प्राचार्य भी रहा, पर ये तीन साल अनिल कपूर की अमर फ़िल्म " वो सात दिन " जैसे थे आजीवन ऊर्जा और ताजगी देने वाले
उसके बाद फिर असली सफर शुरू हुआ था जीवन का - परिवर्तन, एक्टिविज़्म और बदलाव लाने का - 2019 तक खूब दौड़ता रहा इतना कि थक गया, कि साँसे भर आती है अब
करीब 30 - 40 हजार छात्रों से जीवंत सम्पर्क, समाज मे कार्य करने से बनें समुदायों में असंख्य मित्र, मीडिया में रुचि और लिखने पढ़ने से बने मित्र और अपनी पढ़ाई के दौरान कक्षा पहली से आज तक यानि 54 की उम्र में लॉ की कक्षा में साथ पढ़ रहे युवा मित्र और ढ़ेरों शासन प्रशासन से जुड़े मित्र और साहित्य का वृहद दायरा - कुल मिलाकर एक बहुत बड़ा फ़ैला हुआ दायरा है - रिश्तों नातों का और ये सब मेरी ताकत रहें है हर कदम पर
अज्ञेय कहते थे -
मैं मरूँगा सुखी
मैंने जीवन की धज्जियां उड़ाई है

आज इस मकाम पर जब पलटकर देखता हूँ तो लगता है कितना भरपूर जीवन जिया, अवागर्द रहा, यायावरी की , लड़ते - झगड़ते, सीखते सिखाते जन्म के बाद 53 साल बीत ही गए - कितना खोया और कितना पाया पर आज हाथों में एक शून्य है - दोनों हाथ खाली है, झोली में स्नेह के प्रसाद और प्रमाद के अलावा कुछ नही, इस समय में जब रोज़ आसपास मौत की खबरें सुनता हूँ, दहशतजदा लोगों की आवाज़ें सुनता हूँ, स्क्रीन पर मौत का तांडव और आंकड़ों की बाज़ीगरी देखता हूँ तो दिमाग़ सुन्न हो जाता है
सुबह उठकर सोचना पड़ता है कि क्या किया जाये - करने को बहुत है, लिखने पढ़ने को भी पर सूझ नही पड़ती और फिर पूरा दिन सुनसान सी रपट पर गुजरता है - एक पुल है जो पानी मे डूबा है, दोनों तरफ चेतावनी लिखी है फिर भी मुसाफ़िर पानी मे उतर गया है - गले गले तक पानी है, असँख्य हाथ पानी में नजर आते है, आवाज़ों का शोर है, जहाँ तक दृष्टि जाती है - अँधेरों के सिवाय कुछ नजर नही आता - पाँव जम गए है नीचे से पानी गुजर रहा है तेजी से, कब यह ठंडी पड़ी देह पानी के उद्दाम वेग के संग - साथ बह जाएगी - मालूम नही पर अब कोई आशा शेष नही है, जीवन के उद्देश्य और अर्थ पूरे हो गए है - कोई चाह बची नही है अब
पर धुँधली स्मृतियाँ जेहन में एक बाईस्कोप के रील की तरह चल रही है और उसी रील से यह एक तस्वीर निकली है इस आश्वस्ति के साथ कि जो जीवन में आये जिनका साथ मिला, जिनसे सीखा और बहुत कुछ लिया - आज नतमस्तक होकर उस सबको याद करके उपकृत समझता हूँ और जब पूरा खाली हो गया हूँ तो दुष्यंत बहुत याद आते है जो कहते थे -
"दुख नही कोई कि उपलब्धियों के नाम पर
और कुछ हो ना हो ये आकाश सी छाती तो है "

[ तटस्थ ]
दो प्यारे छात्र जो आज जीवन में मित्र है और ऐसे ही वो सब है जो जाने अनजाने जीवन मे आये टकराये और फिर इस भूभाग पर खो गए, खुशी यह है कि इस वर्चुअल दुनिया ने भी बहुत प्यारे मित्र दिए है और यही सब साथ जाएगा हम सबके

Comments

Popular posts from this blog

हमें सत्य के शिवालो की और ले चलो

आभा निवसरकर "एक गीत ढूंढ रही हूं... किसी के पास हो तो बताएं.. अज्ञान के अंधेरों से हमें ज्ञान के उजालों की ओर ले चलो... असत्य की दीवारों से हमें सत्य के शिवालों की ओर ले चलो.....हम की मर्यादा न तोड़े एक सीमा में रहें ना करें अन्याय औरों पर न औरों का सहें नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." मैंने भी ये गीत चित्रकूट विवि से बी एड करते समय मेरी सहपाठिन जो छिंदवाडा से थी के मुह से सुना था मुझे सिर्फ यही पंक्तिया याद है " नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." बस बहुत सालो से खोज जारी है वो सहपाठिन शिशु मंदिर में पढाती थी शायद किसी दीदी या अचार जी को याद हो........? अगर मिले तो यहाँ जरूर पोस्ट करना अदभुत स्वर थे और शब्द तो बहुत ही सुन्दर थे..... "सब दुखो के जहर का एक ही इलाज है या तो ये अज्ञानता अपनी या तो ये अभिमान है....नफरतो के जहर से प्रेम के प्यालो की और ले चलो........"ये भी याद आया कमाल है मेरी हार्ड डिस्क बही भी काम कर रही है ........आज सन १९९१-९२ की बातें याद आ गयी बरबस और सतना की यादें और मेरी एक कहानी "सत...

आशिक की है बारात - जरा झूमके निकले. 27 April 2017

भौंडी आवाज में गरीब बैंड वालों को गवाने वालों, ढोल और ताशों से दूसरों का चैन छिनने वालों, सड़कों पर घटिया नाच कर ट्रैफिक जाम करने वालों - जाओ तुम्हे श्राप देता हूँ कि तुम्हारे वैवाहिक जीवन मे इससे ज्यादा कलह और शोर हो, तुम्हारी जीवन गाड़ी हमेंशा किसी ट्रैफिक में दबकर सिसकती रहें और तुम अपनी घरवाली के ढोल ताशों पर ताउम्र नाचते रहो और कोई एक चवन्नी भी ना लुटाएं, तुम्हारे जीवन मे बिजली ना आये और ऐसा अंधेरा छा जाएं कि तुम एक जुगनू के लिए तरस जाओ। शादी कर रहे हो तो क्या किसी के बाप  पर एहसान कर रहे हो - साला रात रात भर पुट्ठे हिलाकर नाचते हो और दूसरों की नींद हराम करते हो, बारात में घण्टों सड़कों पर मटकते रहते हो, तुम्हारी शादी क्या इतिहास में पहली बार हो रही ? साला अपना जीवन तो नर्क बनाओगे ही शादी के बाद - उसके मातम में हम सबको क्यों लपेटे में लेते हो ? और प्रशासन , पुलिस खींसे निपोरकर नाचते लौंडों और पसीने में नहाती औरतों को घूरकर मजे से देखती रहती है कि कही कुछ दिख जाए, सड़क पर और छतों पर खड़े लोग काल भैरव को मन्नत करते है कि कुछ सामान दिख जाए तो दिन बन जाएं - इन सब बारातियों...

सतरें जीवन के - तटस्थ Satare Jivan ke

सतरें जीवन के   जब प्रवाह में बह जाने का समय आता है, लगता है कि अब सब खत्म हो ही रहा है - अचानक एक तिनका कही से तैरते हुए आ जाता है और शिद्दत से थाम लेता है यह कहकर कि धैर्य रखो, शांत हो जाओ - उजाले की किरणें छटा बिखेरेंगी जल्दी ही शाम ओस से भीगी हुई एक कविता है जिसने संसार में अपनी लय से सबको बाँध रखा है जीवन झूठ का पुलिंदा है और हम सब इसे पसंद करते है, हम सब झूठ के साम्राज्य को बनाये रखना चाहते है और इसी उपक्रम में मरने तक मेहनत करते रहते हैं, अंत में मौत का सच इसकी हवा निकाल देता है अयोग्यता ही असली धन और शांति है, जब तक अयोग्य लोग है तब तक योग्यता की असली और वीभत्स सच्चाई सामने आती रहेगी जो स्वाभाविक ना होकर ना - ना प्रकार के कृत्रिम संसाधनों से अर्जित कर सुख सम्पदा हासिल करने के लिए बेहतरीन स्वांग के साथ ओढ़ी गई है हारना और स्वीकारना हिम्मत का काम है और इसकी जड़ें बहुत गहरी होती है, अपूर्णताएँ, अकुशलताएँ और अधकचरी थोथी सूचनाएँ जीवन के उत्तरार्ध में आपको एहसास दिलाती है कि आपके सारे प्रयास, अभ्यास और चेष्टाएँ व्यर्थ है - इसलिये ख़ारिज करो अपने हर कर्म को, समझ को, देख...