Skip to main content

Man Ko Chiththi - Post of 3 May 2025

अधूरे ख्वाबों की गली में डेढ़ इंच का चाँद
____________
लगभग एक माह से रातों का आना खत्म हो गया है जीवन में, लिखना लगभग बन्द और पढ़ना तो शायद अब कभी हो ही ना अब जीवन में - और जीवन, जीवन तो था ही नहीं इतनी लंबी यात्रा के किसी भी हिस्से में, सब व्यर्थ चला गया, जो भी जिसके लिए कभी कुछ किया तो अपयश के सिवा कुछ मिला ही नहीं और यही रीत है, सही तो कहते थे लोग
घूमना, कही आना - जाना, मिलना - जुलना और गपियाना भी जानबूझकर बन्द कर दिया है, फोन का उपयोग भी बहुत कम कर दिया है, अति आवश्यक ही हुआ तो उठाता हूँ या किसी को लगाता हूँ, वरना अब कुछ कहने - सुनने लायक बचा नहीं है, शाम को यदि पैर साथ देते है तो दो - तीन किलोमीटर चला जाता हूँ, वरना तो कमरे से बाहर निकलने का मन नहीं करता, अपने हुनर, कौशल और दक्षताओं की जघन्य हत्या कर एक tebula rasa यानी कोरी स्लेट बनने की चेष्टा कर रहा हूँ, मुझे लगता है नया शुरू करने के पहले रिक्त हों जाना चाहिए, उस पार का नहीं पता, ये सब बोझ माथे पर धरकर गया तो सह नहीं पाऊंगा और फिर Unlearn करने का अपना मजा है, अपने तीर कमान से जाते हुए देखना भी एक स्वर्गिक सुख है , हो गया अपना काम, सारे निशाने लग गए
जब अंग्रेजी साहित्य की पढ़ाई कर रहा था तो दो - तीन शब्दों का अर्थ समझ नहीं आता था, शाब्दिक तो मालूम था, परन्तु जीवन से इनका जुड़ाव क्या है - यह नहीं समझ आता था "Renunciation, Catharsis, Introspection", पर अब जब लगभग अपने आप को उजियारों से इतर हटकर बांध लिया है - किसी कोने में, तो रात - दिन का ना मात्र फ़र्क मिटा है - बल्कि खाने पीने और सोचने का नजरिया भी बदला है, कड़वाहट इकठ्ठा की थी जीवन में बहुत, अजातशत्रु बनने के जोखिम उठाने में सब कुछ छूट गया, यह सोशल मीडिया भी वैसे ही छूटते जा रहा है, यहां आता हूँ तो ग्लानि होती है कि लोग कितना लिख - पढ़ रहे है, घूम रहे है, ज्ञान बाँट रहें हैं , पुरस्कार से लेकर मायावी कार्यक्रमों , कविताओं, कहानियों और छपास का भयावह दौर है, पर यह बहुत बड़ा भ्रम है, छल है जीवन से और अपने करीबियों से, सारे जाले साफ हो रहें है, बस यह है कि साक्षी भाव से खुद को देखने - समझने और व्यक्त करने की हिम्मत कर पाना थोड़ा मुश्किल है सबके लिए
पुलिस की गाड़ी फिर गुजरी है सायरन बजाते हुए जैसे कोई चेतावनी देता है, जैसे जीवन तीन घंटे की परीक्षा हो कोई - हर घंटे सायरन बजता हैं कि बस अब इतना समय और शेष है, बांध लो सामान, समेट लो, जो शेष है लिख लो, कुछ गलत हुआ हो तो जांचकर लो खुद ही और ठीक कर लो, यदि यहाँ कुछ रह गया तो जिम्मेदारी किसी की नहीं, रात खत्म होकर जा रही है, बाहर चाँद है, हवा है - रात है शायद और मच्छरों का तांडव, कब तक किस - किससे जूझेंगे हम, अभी अंधेरे को बेधकर रश्मि किरणें आ जाएंगी धड़धड़ाती हुई
इस पूरे फसाने में सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जीवन में सर्वाधिक निराश बेहद करीबी मित्रों और अपने लोगों ने किया और मुहावरे में कहूं तो - वो जिनके लिए जीवन दिन - रात एक कर दिया, कभी अपना पराया नहीं सोचा, बेरुखी सहना जैसे अब आदत बन गई है, बहरहाल, जीवन है और यह ऐसे ही चलता है सदैव कुछ नया, थ्रिल, एडवेंचर और अनूठा करने, पाने और उसके लिए जी जान से जुट जाने की होड है और अपन अब इस सबसे दूर है, अपने भीतर ही थोड़ा झांक लूं तो शायद कुछ समझ कर कह सकूंगा ठीक ठाक सा और एक ठोस पत्थर पर लिख सकूंगा - Epitaph.
भोर - 03:36

Comments

Popular posts from this blog

हमें सत्य के शिवालो की और ले चलो

आभा निवसरकर "एक गीत ढूंढ रही हूं... किसी के पास हो तो बताएं.. अज्ञान के अंधेरों से हमें ज्ञान के उजालों की ओर ले चलो... असत्य की दीवारों से हमें सत्य के शिवालों की ओर ले चलो.....हम की मर्यादा न तोड़े एक सीमा में रहें ना करें अन्याय औरों पर न औरों का सहें नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." मैंने भी ये गीत चित्रकूट विवि से बी एड करते समय मेरी सहपाठिन जो छिंदवाडा से थी के मुह से सुना था मुझे सिर्फ यही पंक्तिया याद है " नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." बस बहुत सालो से खोज जारी है वो सहपाठिन शिशु मंदिर में पढाती थी शायद किसी दीदी या अचार जी को याद हो........? अगर मिले तो यहाँ जरूर पोस्ट करना अदभुत स्वर थे और शब्द तो बहुत ही सुन्दर थे..... "सब दुखो के जहर का एक ही इलाज है या तो ये अज्ञानता अपनी या तो ये अभिमान है....नफरतो के जहर से प्रेम के प्यालो की और ले चलो........"ये भी याद आया कमाल है मेरी हार्ड डिस्क बही भी काम कर रही है ........आज सन १९९१-९२ की बातें याद आ गयी बरबस और सतना की यादें और मेरी एक कहानी "सत...

हमारी भागदौड़ में कोई कमी हो तो बताओ

एक जंगल था। उसमें में हर तरह के जानवर रहते थे। एक दिन जंगल के राजा का चुनाव हुआ। जानवरों ने शेर को छोड़कर एक बन्दर को राजा बना दिया। एक दिन शेर बकरी के बच्चे को उठा के ले गया। बकरी बन्दर राजा के पास गई और अपने बच्चे को छुड़ाने की मदद मांगी।बन्दर शेर की गुफा के पास गया और गुफा में बच्चे को देखा, पर अन्दर जाने की हिम्मत नहीं हुई। बन्दर राजा गुफा के पेड़ो पर उछाल लगाता रहा.. कई दिन ऐसे ही उछाल कूद में गुजर गए। तब एक दिन बकरी ने जाके पूछा .." राजा जी मेरा बच्चा कब लाओगे.. ?" इस बन्दर राजा तिलमिलाते हुए बोले "-: .. . . . हमारी भागदौड़ में कोई कमी हो तो बताओ "

आशिक की है बारात - जरा झूमके निकले. 27 April 2017

भौंडी आवाज में गरीब बैंड वालों को गवाने वालों, ढोल और ताशों से दूसरों का चैन छिनने वालों, सड़कों पर घटिया नाच कर ट्रैफिक जाम करने वालों - जाओ तुम्हे श्राप देता हूँ कि तुम्हारे वैवाहिक जीवन मे इससे ज्यादा कलह और शोर हो, तुम्हारी जीवन गाड़ी हमेंशा किसी ट्रैफिक में दबकर सिसकती रहें और तुम अपनी घरवाली के ढोल ताशों पर ताउम्र नाचते रहो और कोई एक चवन्नी भी ना लुटाएं, तुम्हारे जीवन मे बिजली ना आये और ऐसा अंधेरा छा जाएं कि तुम एक जुगनू के लिए तरस जाओ। शादी कर रहे हो तो क्या किसी के बाप  पर एहसान कर रहे हो - साला रात रात भर पुट्ठे हिलाकर नाचते हो और दूसरों की नींद हराम करते हो, बारात में घण्टों सड़कों पर मटकते रहते हो, तुम्हारी शादी क्या इतिहास में पहली बार हो रही ? साला अपना जीवन तो नर्क बनाओगे ही शादी के बाद - उसके मातम में हम सबको क्यों लपेटे में लेते हो ? और प्रशासन , पुलिस खींसे निपोरकर नाचते लौंडों और पसीने में नहाती औरतों को घूरकर मजे से देखती रहती है कि कही कुछ दिख जाए, सड़क पर और छतों पर खड़े लोग काल भैरव को मन्नत करते है कि कुछ सामान दिख जाए तो दिन बन जाएं - इन सब बारातियों...