Skip to main content

बहुत याद आते है वे शिक्षक - 01 सितम्बर 2019


बहुत याद आते है वे शिक्षक 
पुराने राजवाड़े में स्कूल लगा करता था जिसकी दीवारें जर्जर हो चुकी थी और छतों से टपकता हुआ पानी उन दीवारों पर कंजी की एक मोटी परत बना देता था,आठ दस पुराने कमरों में सिमटा हुआ स्कूल, बहुत पुरानी टाट पट्टियां, शिक्षकों के लिए रखी हुई लकड़ी की कुर्सियां अपनी दास्तान अनूठे अंदाज में कहती थी पर जो लगाव, प्रेम और अपनत्व शिक्षक और छात्रों के बीच में था वह अद्भुत था। उन दिनों कक्षा की सफाई करते हुए हमें कभी झिझक महसूस नहीं हुई और घर से पीतल का लोटा माँझकर कर शिक्षकों को पानी पिलाना मानो हमारी दैनिक दिनचर्या का एक हिस्सा ही था और शिक्षक इस बहाने बच्चों के घरों से सीधे जुड़े होते थे - कोई फर्क नहीं पड़ता था कि वह पानी अखलाक के घर से आ रहा है , कैलाश के घर से या धर्मेंद्र के घर से - उन्होंने कभी नहीं पूछा अखलाक, कैलाश या धर्मेंद्र के माता पिता क्या करते हैं, उनकी जाति क्या है ।

हेड मास्टर पठान साहब सफेद झक पायजामा कुर्ता पहन कर और काली टोपी लगा कर आते थे और  जब रसखान कृत कृष्ण लीला पढ़ाते  "खेलत खात फिरे अंगना, पग पैंजनी बांध पीरी कछोटी, काग के भाग बड़े सजनी हरि हाथ से ले गए हो माखन रोटी" इसको पढ़ाते - पढ़ाते कृष्ण का इतना सुंदर वर्णन करते थे कि बरबस ही कृष्ण का बाल रूप पूरे जीवन के लिए आंखों में समा गया और एक पौराणिक चरित्र को हमने जीवित मान लिया। पठान साहब जब रहीम या कबीर को भी पढ़ाते उनके दोहे समझाते तो लगता था यह स्कूल कभी खत्म ना हो और जीवन की पाठशाला रहीम, कबीर, रसखान ,दादू , मीरा में ही बनी रहे और हमेशा चलती रहे।

मानसून के मौसम में सावन के सोमवार,आंवला नवमी , आषाढ़ी पूर्णिमा, गुरु पूर्णिमा , शिक्षक दिवस ,मुहर्रम, गणेश चतुर्थी यह सारे दिन ऐसे गुजरते थे मानो जीवन का असली मजा और उद्देश्य इन दिनों के आयोजन और इन्हें सार्थक करने में ही निहित है। घर में दादी से लेकर मां , मौसी , मामी  चाची , बुआ सब शिक्षकीय व्यवसाय में थे इसलिए शिक्षा का जगत वह अपना सा और नितांत करीबी भी लगता है, लगता था जैसे शिक्षा, शिक्षक और जीवन बस इसी में घर आंगन और दुनिया बसती है। 

यही वह जादू था जिसने पढ़ने के लिए, पढ़ाने के लिए एक समझ विकसित की और धीरे - धीरे किताबों की बड़ी दुनिया से नाता जोड़ा, अक्षर शब्द का मतलब तो बहुत बाद में समझ में आया जब साक्षरता अभियान में काम करने का निश्चय किया - अक्षर मतलब जिसका क्षरण ना हो सके कभी।  सफदर हाशमी की कविता "किताबें करती है बातें" जब पढ़ी तो लगा कि किताबों का कितना बड़ा संसार है और यह संसार कितना भी बड़ा हो जाए उन्हें शब्दों और वर्णों में समेट कर समझा जा सकता है । 

हम लोगों के साथ पढ़े हुए कितने ही मित्र हैं जो आपस में मिलने पर सबसे पहले बातचीत की शुरुआत अपने शिक्षकों को याद करके ही करते हैं कि अज़ीज़ सर कहां हैं, शंकर लाल पंवार का क्या हुआ, राठौड़ मैडम कब गई , सहगल सर इन दिनों कहां है या निंबालकर मैडम की तबीयत बहुत खराब रहती है कभी चल कर देख आते हैं । स्कूल के शिक्षक हो या हायर सेकेंडरी स्कूल के या इस डिजिटल युग में जुड़े कॉलेज के शिक्षक आज भी उनके साथ बहुत सहज तरीके से बातचीत होती है, सोशल मीडिया पर उनसे नोकझोंक होती है और लगातार सीखते रहते हैं। परंपरा यह भी है कि हम लोग आज भी अपने शिक्षकों से मिलने शिक्षक दिवस के दिन उनके घर जाते हैं । आज मेरी एक छात्रा से बात हो रही थी जिसे मैंने 1987 - 88 में पढ़ाया था तो उसने कहा कि " मुझे याद है परीक्षा में मूल्यांकन के दौरान आपको जो पहली बार ₹ 20 मिले थे उससे आपने गर्मियों में हम सबको ककड़ी खिला दी थी पर आज हम लोग जब ड्यूटी देने जाते हैं और जो ₹ 90 पाते हैं तो वह हम बहुत सहेज कर वापस ले आते हैं - किस तरह से चीजें 20 सालों में बदली है यह अब हम देख पाते हैं " मेरे कई छात्र हैं जो आज यहां वहां बड़े पदों पर काबिज हैं वह कहते हैं कि निश्चित रूप से आपका शिक्षण बहुत अच्छे गुरुओं ने कराया होगा तभी आपने हमें एक खुला माहौल, सीखने के मौके और बराबरी से चर्चा करने के अवसर कक्षा में दिए - मत भिन्नता होते हुए भी छात्रों को बराबरी का माना और अपने हिसाब से विषय चुनने से लेकर विकसित होने की छूट दी तभी आज हम जीवन के क्षेत्र में अच्छा परफॉर्म कर रहे हैं। 

बचपन से शिक्षकों को एक अलग संदर्भ और मायनों में हमने देखा, सीखने की ललक नया कुछ कर पाने की छूट और बराबरी से बातचीत करने का जो मौका हमें मिला था वह दुर्भाग्य से आज के पूरे परिवेश में और शैक्षिक जगत में लगभग नामुमकिन है बहुत सारी सुविधाएं होने के बाद भी, बहुत सारा डिजिटलाईजेशन, महंगी फीस, महंगी पाठ्य सामग्री , महंगे उपकरण, बड़ी प्रयोगशाला है , बड़े खेल के मैदान , बड़े-बड़े पुस्तकालय और बसों की सुविधाएं होने के बाद भी क्या कारण है कि आज शिक्षक और बच्चों के बीच "कनेक्ट" नहीं है ।

सितंबर माह गणेश उत्सव का भी माह है जो त्योहारों की शुरुआत का प्रतीक है हम सब जानते हैं कि आजादी के आंदोलन को पुख्ता करने के लिए लोगों को एकत्रित करने के लिए लोकमान्य तिलक ने इस उत्सव की शुरुआत की थी आजादी के 73 वर्षों बाद यह त्यौहार मनाया जा रहा है - यह निश्चित ही शुभ है परंतु क्या अब यह लोगों को एकत्रित कर रहा है ? हर गली मोहल्ले में गणेश उत्सव मनाया जा रहा है और लोग बंट रहे हैं , मोहल्लों के नाम से अब समाज , जाति धर्म का अंदाजा लगाया जा सकता है । यह दुर्भाग्य है कि जिन चीजों को धीरे-धीरे खत्म होना था वह चीजें बढ़ते - बढ़ते इतनी बढ़ गई हैं कि अब लगता है इन्हें समाप्त कर पाना मुश्किल होगा । बहुत बड़ा दायित्व हमारे शिक्षा जगत पर है -  यदि हम अभी भी सुधर गए और समझ गए तो हम देश को सच में एक नए विकसित आकार में ढालकर  असली का देश बना सकते हैं - आज हमें एक राधाकृष्णन की नहीं लाखों-करोड़ों राधाकृष्णन की जरूरत है जो देश के कोने कोने में जाकर  कर "सा विद्या या विमुक्तते" की बात को लोगों तक पहुंचा सकें

Comments

Popular posts from this blog

हमें सत्य के शिवालो की और ले चलो

आभा निवसरकर "एक गीत ढूंढ रही हूं... किसी के पास हो तो बताएं.. अज्ञान के अंधेरों से हमें ज्ञान के उजालों की ओर ले चलो... असत्य की दीवारों से हमें सत्य के शिवालों की ओर ले चलो.....हम की मर्यादा न तोड़े एक सीमा में रहें ना करें अन्याय औरों पर न औरों का सहें नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." मैंने भी ये गीत चित्रकूट विवि से बी एड करते समय मेरी सहपाठिन जो छिंदवाडा से थी के मुह से सुना था मुझे सिर्फ यही पंक्तिया याद है " नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." बस बहुत सालो से खोज जारी है वो सहपाठिन शिशु मंदिर में पढाती थी शायद किसी दीदी या अचार जी को याद हो........? अगर मिले तो यहाँ जरूर पोस्ट करना अदभुत स्वर थे और शब्द तो बहुत ही सुन्दर थे..... "सब दुखो के जहर का एक ही इलाज है या तो ये अज्ञानता अपनी या तो ये अभिमान है....नफरतो के जहर से प्रेम के प्यालो की और ले चलो........"ये भी याद आया कमाल है मेरी हार्ड डिस्क बही भी काम कर रही है ........आज सन १९९१-९२ की बातें याद आ गयी बरबस और सतना की यादें और मेरी एक कहानी "सत...

हमारी भागदौड़ में कोई कमी हो तो बताओ

एक जंगल था। उसमें में हर तरह के जानवर रहते थे। एक दिन जंगल के राजा का चुनाव हुआ। जानवरों ने शेर को छोड़कर एक बन्दर को राजा बना दिया। एक दिन शेर बकरी के बच्चे को उठा के ले गया। बकरी बन्दर राजा के पास गई और अपने बच्चे को छुड़ाने की मदद मांगी।बन्दर शेर की गुफा के पास गया और गुफा में बच्चे को देखा, पर अन्दर जाने की हिम्मत नहीं हुई। बन्दर राजा गुफा के पेड़ो पर उछाल लगाता रहा.. कई दिन ऐसे ही उछाल कूद में गुजर गए। तब एक दिन बकरी ने जाके पूछा .." राजा जी मेरा बच्चा कब लाओगे.. ?" इस बन्दर राजा तिलमिलाते हुए बोले "-: .. . . . हमारी भागदौड़ में कोई कमी हो तो बताओ "

आशिक की है बारात - जरा झूमके निकले. 27 April 2017

भौंडी आवाज में गरीब बैंड वालों को गवाने वालों, ढोल और ताशों से दूसरों का चैन छिनने वालों, सड़कों पर घटिया नाच कर ट्रैफिक जाम करने वालों - जाओ तुम्हे श्राप देता हूँ कि तुम्हारे वैवाहिक जीवन मे इससे ज्यादा कलह और शोर हो, तुम्हारी जीवन गाड़ी हमेंशा किसी ट्रैफिक में दबकर सिसकती रहें और तुम अपनी घरवाली के ढोल ताशों पर ताउम्र नाचते रहो और कोई एक चवन्नी भी ना लुटाएं, तुम्हारे जीवन मे बिजली ना आये और ऐसा अंधेरा छा जाएं कि तुम एक जुगनू के लिए तरस जाओ। शादी कर रहे हो तो क्या किसी के बाप  पर एहसान कर रहे हो - साला रात रात भर पुट्ठे हिलाकर नाचते हो और दूसरों की नींद हराम करते हो, बारात में घण्टों सड़कों पर मटकते रहते हो, तुम्हारी शादी क्या इतिहास में पहली बार हो रही ? साला अपना जीवन तो नर्क बनाओगे ही शादी के बाद - उसके मातम में हम सबको क्यों लपेटे में लेते हो ? और प्रशासन , पुलिस खींसे निपोरकर नाचते लौंडों और पसीने में नहाती औरतों को घूरकर मजे से देखती रहती है कि कही कुछ दिख जाए, सड़क पर और छतों पर खड़े लोग काल भैरव को मन्नत करते है कि कुछ सामान दिख जाए तो दिन बन जाएं - इन सब बारातियों...