Skip to main content

उफ़ गोविंदा ...........बकलम सुबोध शुक्ला 28 May 16

उफ़ गोविंदा ...........बकलम Subodh Shukla

***************************************************
सुबोध ने एक वर्जित फल की तरह से बुद्धिजीवियों के बीच अछूत गोविंदा और उनके पूरे फिल्मी संसार को जिस अंदाज में लिखा है पिछले सात दिनों में यकीन मानिए मै तो क्या आप भी गोविंदा से प्यार करने को मजबूर हो जायेंगे. और हाँ सिर्फ इतना कि एक लगभग विक्षप्त, निर्लज्ज छबि को समाज में स्थापित करने वाले एक हीरो और एक विशेष दर्शक वृन्द को संबोधित करने वाले हीरो को हमारा साहित्य का अनुरागी और एक जवान होता युवा कैसे देखता था, आज जब वह पलटकर अपने उस काल को देखता और विश्लेषित करता है तो कैसे पूर्वाभासों और बदलाव को देखता है. यह छोटा सा प्रयोजन मूलक लेखन बहुत गहरे इशारे भी करता है और सतर्क भी.
____________________________________________________
I
नब्बे के दौर में जवान होने के लिए गोविंदा एक वर्जित फल की तरह काम्य और निषिद्ध दोनों था. गोविंदा हमारी जवानी का सूचकांक था. भद्रता की पतलूनों में हम उसे चोर-जेब की तरह रखते थे. वह हमारे संस्कारों का रेड लाइट एरिया और आस्वादों का कॉफ़ी-हाउस हुआ करता था. उसने बताया कि कैसे लम्पटपन एक सांस्कृतिक ज़िम्मेदारी है, झूठ एक प्रतिरोध है, ठगी एक दर्शन और इश्क हाथ की सफ़ाई है.
II
गोविंदा को बारगेन नहीं किया जा सकता था. वह ब्लैक में मिलने वाली चीज़ थी. उसके कट-पीस उपलब्ध नहीं थे....उसे तो पूरा थान में ही उठाना होता था....
III
उसने हमारे दौर को संस्कारहीन किया. शिष्टाचार के ट्रेड-मार्क बदले. जालसाज़ी को सौन्दर्य-बोध बनाया और कुतर्क को एक्टिविज़्म. वह हिन्दी सिनेमा में कट्टरपंथी मनोरंजन का प्राक्-पुरुष है.
IV
वह नसीहतों के कब्ज़ों पर मनमानी की जंग की तरह चढ़ा था...हमें जो गुनाह बताया गया था वह उसे अदब कह रहा था. शर्म को रैकेट की तरह इस्तेमाल करने वालों के बीच उसने बदमिजाज़ी को धर्म और फ़ितूर को कारोबार बनाकर खड़ा कर दिया.....
V
उसने लोकाचार के सारे नैरेटिव्स तोड़े...वह बेडरूम को चौराहों तक ले गया, विफलता को हुनर तक और हास्य को हिंसा तक......उसने निजता को जुमले की तरह इस्तेमाल किया और उसे लगभग अवैध बना डाला......
VI
उसने कला की ज़मींदारियां ख़त्म की.....नायक हमारे पड़ोस, नुक्कड़ों और गलियों का एक लावारिस और बदतमीज़ सा चेहरा हो गया.. उसने 'हैसियत' को उसकी 'औकात' दिखाई, अभिनय से हफ्ता वसूला और पटकथाओं से फ़िरौती.....
VII
उसने 'सार्वजनिकता' को गिरोहबंद किया और 'व्यक्ति' को तस्करी के माल में बदला... पर तात्कालिकता की कालाबाज़ारी करते हुए कब वह कल्पना की ख़रीद-फ़रोख्त में समय को बैंक्रप्ट करता चला गया पता ही नहीं चला... गोविंदा हमारे दौर का सबसे सफल, उत्सवधर्मी और दीर्घजीवी आत्मघात था, बिला शक.....
समाहार
इसी के साथ हर पोस्ट पर भाई Vivek Nirala के अदभुत कमेंट्स और सुबोध के साथ की गयी जुगलबंदी भी काबिले तारीफ़ थी. शायद ही किसी फ़िल्मी हीरो के बारे में ऐसा लिखा गया होगा. शुक्रिया दोनों का एक नई दृष्टि से देखने परखने और विकसित करने के लिए.

Comments

Popular posts from this blog

हमें सत्य के शिवालो की और ले चलो

आभा निवसरकर "एक गीत ढूंढ रही हूं... किसी के पास हो तो बताएं.. अज्ञान के अंधेरों से हमें ज्ञान के उजालों की ओर ले चलो... असत्य की दीवारों से हमें सत्य के शिवालों की ओर ले चलो.....हम की मर्यादा न तोड़े एक सीमा में रहें ना करें अन्याय औरों पर न औरों का सहें नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." मैंने भी ये गीत चित्रकूट विवि से बी एड करते समय मेरी सहपाठिन जो छिंदवाडा से थी के मुह से सुना था मुझे सिर्फ यही पंक्तिया याद है " नफरतों के जहर से प्रेम के प्यालों की ओर ले चलो...." बस बहुत सालो से खोज जारी है वो सहपाठिन शिशु मंदिर में पढाती थी शायद किसी दीदी या अचार जी को याद हो........? अगर मिले तो यहाँ जरूर पोस्ट करना अदभुत स्वर थे और शब्द तो बहुत ही सुन्दर थे..... "सब दुखो के जहर का एक ही इलाज है या तो ये अज्ञानता अपनी या तो ये अभिमान है....नफरतो के जहर से प्रेम के प्यालो की और ले चलो........"ये भी याद आया कमाल है मेरी हार्ड डिस्क बही भी काम कर रही है ........आज सन १९९१-९२ की बातें याद आ गयी बरबस और सतना की यादें और मेरी एक कहानी "सत...

आशिक की है बारात - जरा झूमके निकले. 27 April 2017

भौंडी आवाज में गरीब बैंड वालों को गवाने वालों, ढोल और ताशों से दूसरों का चैन छिनने वालों, सड़कों पर घटिया नाच कर ट्रैफिक जाम करने वालों - जाओ तुम्हे श्राप देता हूँ कि तुम्हारे वैवाहिक जीवन मे इससे ज्यादा कलह और शोर हो, तुम्हारी जीवन गाड़ी हमेंशा किसी ट्रैफिक में दबकर सिसकती रहें और तुम अपनी घरवाली के ढोल ताशों पर ताउम्र नाचते रहो और कोई एक चवन्नी भी ना लुटाएं, तुम्हारे जीवन मे बिजली ना आये और ऐसा अंधेरा छा जाएं कि तुम एक जुगनू के लिए तरस जाओ। शादी कर रहे हो तो क्या किसी के बाप  पर एहसान कर रहे हो - साला रात रात भर पुट्ठे हिलाकर नाचते हो और दूसरों की नींद हराम करते हो, बारात में घण्टों सड़कों पर मटकते रहते हो, तुम्हारी शादी क्या इतिहास में पहली बार हो रही ? साला अपना जीवन तो नर्क बनाओगे ही शादी के बाद - उसके मातम में हम सबको क्यों लपेटे में लेते हो ? और प्रशासन , पुलिस खींसे निपोरकर नाचते लौंडों और पसीने में नहाती औरतों को घूरकर मजे से देखती रहती है कि कही कुछ दिख जाए, सड़क पर और छतों पर खड़े लोग काल भैरव को मन्नत करते है कि कुछ सामान दिख जाए तो दिन बन जाएं - इन सब बारातियों...

सतरें जीवन के - तटस्थ Satare Jivan ke

सतरें जीवन के   जब प्रवाह में बह जाने का समय आता है, लगता है कि अब सब खत्म हो ही रहा है - अचानक एक तिनका कही से तैरते हुए आ जाता है और शिद्दत से थाम लेता है यह कहकर कि धैर्य रखो, शांत हो जाओ - उजाले की किरणें छटा बिखेरेंगी जल्दी ही शाम ओस से भीगी हुई एक कविता है जिसने संसार में अपनी लय से सबको बाँध रखा है जीवन झूठ का पुलिंदा है और हम सब इसे पसंद करते है, हम सब झूठ के साम्राज्य को बनाये रखना चाहते है और इसी उपक्रम में मरने तक मेहनत करते रहते हैं, अंत में मौत का सच इसकी हवा निकाल देता है अयोग्यता ही असली धन और शांति है, जब तक अयोग्य लोग है तब तक योग्यता की असली और वीभत्स सच्चाई सामने आती रहेगी जो स्वाभाविक ना होकर ना - ना प्रकार के कृत्रिम संसाधनों से अर्जित कर सुख सम्पदा हासिल करने के लिए बेहतरीन स्वांग के साथ ओढ़ी गई है हारना और स्वीकारना हिम्मत का काम है और इसकी जड़ें बहुत गहरी होती है, अपूर्णताएँ, अकुशलताएँ और अधकचरी थोथी सूचनाएँ जीवन के उत्तरार्ध में आपको एहसास दिलाती है कि आपके सारे प्रयास, अभ्यास और चेष्टाएँ व्यर्थ है - इसलिये ख़ारिज करो अपने हर कर्म को, समझ को, देख...